नई दिल्ली. आज यानी 17 सितंबर को गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस मौके पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने की खबर है. भारतीय जनता पार्टी ने इस दिन को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरा करने के तौर पर मनाने का फैसला लिया है. 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा.
बीजेपी की ओर से देश के अलग-अलग राज्यों में सेवा, जनभागीदारी, रक्तदान और दीप जलाने समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पार्टी की तरफ से शाम 6 से 7 बजे के बीच देशभर के लोगों से घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की गई है.
वाराणसी में बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने तकरीबन डेढ महीने की मेहनत से सिल्क के धागों से पीएम मोदी और उनकी मां हीराबेन मोदी की तस्वीर तैयार की है. यह पारंपरिक उचंद कला से बनी गई कलाकृति है.
पीएम मोदी के जन्मस्थान वडनगर और वाराणसी से एक साथ बाइक यात्राएं शुरू होंगी. दोनों यात्राएं एक-दूसरे के गंतव्य तक जाएंगी और 7 अक्टूबर को खत्म होंगी. तकरीबन हजार युवा इन यात्राओं में शामिल होंगे. यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर लगभग 40 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी.
उज्जैन में शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में करीब 25 लाख मिट्टी के दीप जलाने की तैयारी है. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन शिप्रा आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे.
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में करीब 8.9 लाख दीप जलाने की तैयारी की जा रही है. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इसके लिए तैयारियों में जुटे हैं.
फरीदाबाद में दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित की जाएगी. केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर कार्यक्रम में स्कूटी बांटेंगे.
कोलकाता के बोईमेला ग्राउंड में अन्नपूर्णा योजना के करीब 50 हजार लाभार्थियों के कार्यक्रम की तैयारी है. प्रधानमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करने की संभावना है.
मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया समेत 10 प्रमुख स्थानों को रोशन किया जाएगा. भाजपा के 10 हजार बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा. इसके अलावा युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ भी आयोजित किया जाएगा.

