Haryana News: हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस की ओर से उन्हें व्हिप के कथित उल्लंघन और सत्ता पक्ष के साथ नारेबाजी करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस हरियाणा कांग्रेस के चीफ व्हिप बीबी बत्रा की ओर से भेजा गया है।
नोटिस में विधायक जरनैल सिंह पर पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने और विधानसभा में सत्ता पक्ष के साथ जाकर नारेबाजी करने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस विधायक दल की ओर से इस मामले में दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्रवाई को लेकर भी जवाब मांगा गया है।

एडजर्नमेंट मोशन पर व्हिप मानने से इनकार का आरोप
कांग्रेस की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, जरनैल सिंह ने सदन में एडजर्नमेंट मोशन को लेकर जारी पार्टी व्हिप का पालन करने से इनकार किया। इसके अलावा उन पर सत्ता पक्ष के विधायकों और मंत्रियों के साथ पोस्टर लेकर नारेबाजी करने का भी आरोप है। पार्टी ने इसे पार्टी विरोधी गतिविधि और अनुशासनहीनता से जोड़ते हुए जवाब मांगा है। बताया गया है कि जरनैल सिंह को नोटिस का जवाब देने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है।
दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई की तैयारी
नोटिस में पार्टी निर्देशों की अवहेलना और ट्रेजरी बेंच की ओर जाने के मामले को भी उठाया गया है। कांग्रेस विधायक दल की ओर से कहा गया है कि इन घटनाओं को देखते हुए जरनैल सिंह के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

