लाल निशान से हुई सेंसेक्स और निफ्टी की शुरुआत, दोनों में हुई बिकवाली
Share Market Live Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : अमेरिका और ईरान में दोबारा युद्ध शुरू होने और इससे समूचे पश्चिम एशिया में तनाव फैसलने का असर आज भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार लाल निशान पर खुला। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में बिकवाली साफ दिखाई दी।
इसका असर यह हुआ की सुबह 11 बजे तक भी शेयर बाजार लाल निशान पर कार्य कर रहा था। शुरूआती कारोबार के दौरान एचसीएल टेक और एशियन पेंट्स के शेयरों में दो-दो फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। शुरूआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 35 पैसे गिरकर 95.60 पर आ गया।
खुलते ही 400 अंक फिसला सेंसेक्स
घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान बिकवाली का माहौल दिखा। शुरूआती कारोबार में प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक टूट गए। सेंसेक्स करीब 400 अंकों तक फिसल गया, वहीं दूसरी ओर निफ्टी 23100 के करीब पहुंच गया। पश्चिम एशिया में फिर से भड़के भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा महंगाई के आंकड़ों ने वैश्विक शेयर बाजारों में हड़कंप मचा दिया है।
इसका सीधा असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा, जहां प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी भारी गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। ईरान पर ताजा अमेरिकी सैन्य हमलों और अहम व्यापारिक मार्ग ‘स्ट्रेट आॅफ हॉर्मुज’ के बंद होने से कच्चे तेल की कीमतों में अचानक उछाल आ गया है, जिसने निवेशकों के बीच भारी घबराहट पैदा कर दी है।
पश्चिम एशिया तनाव ही है गिरावट की मुख्य वजह
शेयर बाजार में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह मध्य पूर्व में बढ़ता तनाव है। अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए ताजा सैन्य हमलों और स्ट्रेट आॅफ हॉर्मुज के बंद होने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में अचानक तेजी आई है। तेल महंगा होने की आशंका ने निवेशकों को डरा दिया है, जिसके परिणामस्वरूप बाजार से तेजी से पैसा निकाला जा रहा है।
इसके साथ ही अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा मजबूत महंगाई के आंकड़ों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। महंगाई के इन आंकड़ों के सामने आने के बाद अमेरिकी शेयर बाजार ‘वॉल स्ट्रीट’ में भारी बिकवाली शुरू हो गई। इस बिकवाली और अमेरिकी बाजार की सुस्ती का नकारात्मक प्रभाव गुरुवार को एशियाई बाजारों पर भी साफ तौर पर देखने को मिला।

