नई दिल्ली. भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने हाल ही में जापान ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रचा. उन्होंने लगभग दो साल बात किसी ट्रॉफी को अपने नाम किया. 2026 में जापान ओपन के फाइनल में मिली जीत के बाद उन्होंने एक बड़ा खुलासा किया है. पीवी सिंधु ने बताया कि करियर के सबसे मुश्किल दौर में विराट कोहली ने उनका हौसला बढ़ाया. उनकी सलाह ने वापसी का रास्ता आसान बना दिया. सिंधु ने जापान ओपन 2026 के फाइनल में दुनिया की नंबर-3 खिलाड़ी अकाने यामागुची को सीधे गेमों में हराकर इतिहास रचा. वह BWF सुपर 750 खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं.
सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि चोटों और लगातार खराब प्रदर्शन से वह बेहद निराश थीं. ऐसे समय में उन्होंने विराट कोहली से संपर्क किया. पीवी सिंधु ने लिखा, “मैं हमेशा विराट भाई की आभारी रहूंगी. मैंने अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर में उनसे संपर्क किया था. चोटें लगातार बढ़ रही थीं, नतीजे भी नहीं आ रहे थे और मुझे ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी जो मेरी स्थिति को समझ सके. उन्होंने कुछ ही मिनटों में जवाब दिया और अगले ही दिन हम मिले.”

सिंधु ने बताया कि वह बातचीत आज भी उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने कहा, “हमारे बीच क्या बात हुई, वह हमेशा निजी रहेगी. लेकिन जब मुझे किसी की जरूरत थी, तब विराट मेरे साथ खड़े थे. उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन उनका हर शब्द मेरे और मेरे पति दत्ता साई के दिल में बस गया. कुछ बातचीत आपकी सोच बदल देती है और वह उनमें से एक थी.”
पीवी सिंधु ने बताया कि वापसी के दौरान उन्होंने अपनी ट्रेनिंग और फिटनेस पर खास ध्यान दिया. उन्होंने घर पर कई रिकवरी तकनीकों और नए गैजेट्स का इस्तेमाल किया. उनके पति वेंकट दत्ता साई ने भी रिकवरी से जुड़े कई सुझाव दिए. वर्तमान में सिंधु इंडोनेशिया के कोच इरवांशाह के मार्गदर्शन में प्रैक्टिस कर रही हैं. उनकी स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की जिम्मेदारी वेन लोम्बार्ड संभाल रहे हैं.

