नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की टीम दिल्ली कैपिटल्स में खेलने वाले विस्फोटक ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा को इंग्लैंड में खेलने का मौका मिला है. ये भारतीय खिलाड़ी इंग्लैंड के घरेलू 50 ओवरों के प्रतिष्ठित वन-डे कप में खेलने उतरेगी. इंग्लिश काउंटी क्लब हैम्पशायर ने सोमवार को 27 साल के भारतीय खिलाड़ी के साथ करार करने की आधिकारिक घोषणा की.
आशुतोष शर्मा पूरे टूर्नामेंट के दौरान हैम्पशायर की ओर से खेलते नजर आएंगे. खास बात यह है कि दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक GMR ग्रुप हैम्पशायर के भी को ओनर हैं. आशुतोष अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उनके नाम भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रेलवे की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 11 गेंद में अर्धशतक पूरा किया था.

हैम्पशायर के क्रिकेट निदेशक गाइल्स व्हाइट ने कहा, “हम वन-डे कप के लिए आशुतोष शर्मा को टीम में शामिल करके बेहद खुश हैं. वह शानदार प्रतिभा वाले खिलाड़ी हैं और हाल के आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं. उन्हें बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव है. हमें उम्मीद है कि वह हमारी टीम को पिछले साल से एक कदम आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे.”
बैटिंग ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा ने पिछले दो आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 350 से अधिक रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 31.25 और स्ट्राइक रेट 170 रहा, जिसने उन्हें टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक फिनिशरों में शामिल किया. इंग्लैंड में खेलने का यह उनका पहला अनुभव नहीं होगा. इससे पहले वह 2017 में मिडलसेक्स टाइटंस, 2022 और 2023 में ग्रेवसेंड तथा 2025 में लिवरपूल लीग की विगन टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
आशुतोष ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत पंजाब किंग्स से की थी. डेब्यू मैच में उन्होंने इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में उतरकर 17 गेंद में 31 रन की तेज पारी खेलकर सभी का ध्यान खींचा था. इसके बाद आईपीएल 2025 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 3.80 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. इंग्लैंड के वन-डे कप में आशुतोष शर्मा का प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की नजर में रहेगा. यह टूर्नामेंट उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.

