नई दिल्ली. आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे पर भारतीय टीम को मिली शर्मनाक हार के बाद इसकी समीक्षा होनी है. कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर से टीम के प्रदर्शन को लेकर जवाब मांगा जाएगा. इस बीच खबर है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को पुष्टि की कि सहायक कोच रयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप का करार खत्म हो चुका है और बोर्ड उन्हें आगे कोई एक्सटेंशन नहीं देगा.
देवजीत सैकिया ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि रयान टेन डोशेट का दो साल का कॉन्ट्रैक्ट 10 जून को खत्म हुआ. वहीं टी दिलीप का एक साल का बढ़ाया गया कार्यकाल 8 जून को खत्म हो गया था. दोनों को भारत के यूनाइटेड किंगडम दौरे के अंत तक टीम के साथ बनाए रखा गया. सैकिया ने कहा, “BCCI ने दोनों को इंग्लैंड दौरे तक टीम के साथ रखा, लेकिन अब उनके अनुबंध को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. करार समाप्त हो चुका है. ऐसे में इस्तीफा स्वीकार करने का कोई सवाल नहीं उठता.”

रयान टेन डोशेट को हेड कोच गौतम गंभीर की सिफारिश पर टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया गया था. दोनों ने IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ काम किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, टेन डोशेट को शुरुआत में फील्डिंग कोच की भूमिका देने का भरोसा दिया गया था. पिछले दो साल में उनकी जिम्मेदारियां साफ नहीं रहीं. ऐसे में उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद टीम से अलग होने का फैसला किया.
टी दिलीप को 2025 में इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले एक साल का एक्सटेंशन दिया गया था. बताया जा रहा है कि यह विस्तार टीम के एक सीनियर खिलाड़ियों की सिफारिश पर मिला था. हाल के महीनों में उनकी फील्डिंग कोच के रूप में प्रदर्शन को लेकर बोर्ड संतुष्ट नहीं था. इंग्लैंड के हालिया व्हाइट-बॉल दौरे के बाद उनका कार्यकाल बढ़ने की संभावना लगभग खत्म हो गई थी.
BCCI अब श्रीलंका दौरे से पहले नए फील्डिंग कोच की नियुक्ति करेगा. देवजीत सैकिया ने बताया कि बोर्ड फिलहाल दो से तीन नामों पर चर्चा कर रहा है और अगले एक-दो दिनों में फैसला लिया जा सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार सुभदीप घोष इस पद के सबसे प्रबल दावेदार हैं. असम के रहने वाले घोष पिछले छह से सात सालों से भारतीय क्रिकेट सिस्टम का हिस्सा हैं. राहुल द्रविड़ के राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) कार्यकाल के दौरान उन्होंने अंडर-19, भारतीय महिला टीम और इंडिया-ए टीम के साथ काम किया. उनके अनुभव को देखते हुए माना जा रहा है कि श्रीलंका दौरे से पहले उन्हें टीम इंडिया का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया जा सकता है.

