Ather Q1 result: देश की दिग्गज इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी एथर (Ather) के शेयर में मंगलवार को 16% की जबरदस्त तेजी देखी गई। जून तिमाही के वित्तीय आंकड़ों के सामने आने के बाद कंपनी के शेयर में यह उछाल देखा गया। कंपनी का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में साल दर साल आधार पर नुकसान घटकर महज 51 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 178 करोड़ रुपये था। नुकसान में यह कमी कंपनी के इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन की जबरदस्त मांग की वजह से हुई है।
बिक्री में जबरदस्त उछाल
जून तिमाही में कंपनी की शुद्ध बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया। कंपनी का रेवेन्यू 89% बढ़कर 1,217 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 645 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBIDTA लॉस 134 करोड़ रुपये से घटकर 33 करोड़ रुपये रहा। एडजस्टेड ग्रॉस मार्जिन साल दर साल आधार पर 82.3% बढ़कर 282 करोड़ रुपये रहा।
‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार
ब्रोकरेज कंपनी CLSA ने इसके स्टॉक की ‘आउटपरफॉर्म’ रेटिंग बरकरार रखी है, जिसका टारगेट प्राइस 1,600 रुपये है। ब्रोकरेज ने कहा कि एथर का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एथर का वॉल्यूम साल दर साल आधार पर 81% बढ़ा है, जो इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन उद्योग के 68% के ग्रोथ से ऊपर है। EBIDTA मार्जिन में 319 बेसिस पॉइंट का सुधार आया है।
मांग नहीं क्षमता में कमी
CLSA के मुताबिक, कंपनी की दोपहिया वाहनों की मांग जबरदस्त बनी हुई है। हर महीने लगभग 50,000 वाहनों की बुकिंग हो रही है, जबकि इसकी प्रोडक्शन कैपिसिटी 35,000 यूनिट ही है। इससे साफ पता चलता है कि कंपनी की क्षमता में कमी है, मांग में नहीं।
अलग लेवल पर पहुंची मांग
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तरुण मेहता ने जून तिमाही के नतीजे पेश करते हुए कहा, ”मांग अब बिल्कुल अलग लेवल पर पहुंच गया है। पर्याप्त उत्पादन होता तो बिक्री का आंकड़ा हर महीने 13 हजार से 15 हजार और ज्यादा हो सकता था। वर्तमान में कंपनी का प्रोडक्शन सबसे हाई लेवल पर है।”

