SBI Q1 Result: देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जबरदस्त मुनाफा हुआ है। बैंक का जून तिमाही में शुद्ध मुनाफा 10% बढ़कर 21,121 करोड़ रुपये रहा। नतीजों के बाद SBI के शेयरों में और बढ़त हुई और शुक्रवार को यह 3.21% बढ़कर 1,119.80 रुपये पर पहुंच गया।
शुद्ध मुनाफा 10% बढ़ा
देश के सबसे बड़े बैंक का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा 10.2% बढ़कर 21,121 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 19,160 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।
इंट्रेस्ट से भी मुनाफा बढ़ा
बैंक का नेट इंट्रेस्ट इनकम (NII) 15% बढ़कर 46,992 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 40,907 करोड़ रुपये था। प्री प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट 33,530 करोड़ रुपये रहा।
एसेट क्वालिटी में भी सुधार
SBI ने एसेट क्वालिटी में भी सुधार की जानकारी दी है। पिछली तिमाही में ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) 1.49% था, जो घटकर 1.47% हो गया, जबकि नेट NPA रेश्यो 0.39% से घटकर 0.38% हो गया।
प्रोविजन में हुई बढ़ोतरी
जून तिमाही में प्रोविजन बढ़कर 5,047 करोड़ रुपये हो गए, जो पिछली तिमाही में 2,872 करोड़ रुपये और पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 4,759 करोड़ रुपये थे। हालांकि, क्रेडिट कॉस्ट पिछली तिमाही के मुकाबले 0.27% पर स्थिर रही और एक साल पहले के 0.47% से कम हुई।
नेट इंट्रेस्ट मार्जिन 3% रहा
इस तिमाही में घरेलू नेट इंट्रेस्ट मार्जिन (NIM) 3% रहा, जबकि पूरे बैंक का NIM पिछली तिमाही के मुकाबले 5 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 2.86% हो गया। इस तिमाही में ग्रॉस एडवांस सालाना आधार पर 18.6% और पिछली तिमाही के मुकाबले 2.3% बढ़ा।

