Hindalco Q1 result: आदित्य बिड़ला ग्रुप की कंपनी हिंडाल्को को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में रिकॉर्ड मुनाफा हुआ है। बेहतर प्रदर्शन की बदौलत कंपनी का जून तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 75% बढ़कर 7,013 करोड़ रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,004 करोड़ रुपये था। कंपनी का किसी तिमाही में यह अब तक का सबसे अधिक मुनाफा है।
रेवेन्यू में 32% की बढ़ोतरी
जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 32% बढ़कर 84,824 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBIDTA 73% बढ़कर 14,989 करोड़ रहा, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। पहली तिमाही के नतीजों के बाद हिंडाल्को के शेयरों में शुरुआती बढ़त बनी रही और शुक्रवार, 7 अगस्त को दोपहर के कारोबार में ये 1.85% बढ़कर 1,046 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।
भारतीय कारोबार में मजबूत तेजी
आदित्य बिड़ला ग्रुप की प्रमुख मेटल कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसके भारतीय कारोबार में मजबूत तेजी बनी रही, जबकि नोवेलिस की मुनाफेदारी में सुधार हुआ, क्योंकि उसके ओस्वेगो प्लांट में उत्पादन फिर से शुरू हो गया और लागत कम करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम से फायदे मिलते रहे।
रिकॉर्ड तिमाही EBITDA
कंपनी के एल्युमीनियम अपस्ट्रीम बिजनेस ने 7,390 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड तिमाही EBITDA दर्ज किया, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 81% ज्यादा है। कॉपर EBITDA 36% बढ़कर रिकॉर्ड 918 करोड़ रुपये हो गया।
नोवेलिस का भी जोरदार प्रदर्शन
नोवेलिस ने भी अपना अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही एडजस्टेड EBITDA 4,875 करोड़ रुपये दर्ज किया, जो एक साल पहले के मुकाबले 37% ज़्यादा है। ओस्वेगो प्लांट में प्रोडक्शन फिर से शुरू हो गया है और अब इसे बढ़ाया जा रहा है, जबकि बे मिनेट में कमीशनिंग की प्रक्रिया चल रही है।
लागत कम करने के उपायों से सुधार
कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) सतीश पाई ने कहा कि भारत के बिजनेस ने एक और बार तिमाही में रिकॉर्ड परफॉर्मेंस दी है, जबकि ओस्वेगो के फिर से शुरू होने और लागत कम करने के उपायों से लगातार मिल रहे फायदों की वजह से नोवेलिस के मुनाफे में सुधार हुआ है।

