The Dahlias Deal: उद्यमी मानव सरदाना ने गुड़गांव में 271 करोड़ रुपये का पेंटहाउस खरीदा है। प्रति स्क्वेयर फुट के हिसाब से यह अब तक की सबसे महंगी डील है। सूत्रों की मदद से यह जानकारी मिली है। सरदाना ने यह प्रॉपर्टी DLF के एक लग्जरी हाउजिंग प्रोजेक्ट में खरीदा है।
17 हजार स्क्वेयर फीट में है फैला
दिल्ली-NCR की दिग्गज रियल्टी कंपनी डीएलएफ ने गुड़गांव के डीएलएफ फेज 5 में अक्तूबर 2024 में 17 एकड़ में एक सुपर लग्जरी प्रॉजेक्ट The Dahlias लॉन्च किया था। इसमें 420 अपार्टमेंट और पेंटहाउस बन रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने इस प्रोजेक्ट में एक पेंटहाउस मानव सरदाना को बेचा है, जो इंपीरियल ऑटो से जुड़े थे। इस पेंटहाउस का सुपर बिल्टअप एरिया 17,200 स्क्वेयर फीट और कारपेट एरिया 10,500 स्क्वेयर फीट है।
2.6 लाख प्रति स्क्वेयर फीट
DLF ने सुपर एरिया के हिसाब से पेंटहाउस को 1.58 लाख रुपये प्रति स्क्वेयर फीट और कारपेट एरिया के हिसाब से 2.6 लाख रुपये के हिसाब से बेचा है। डीएलएफ के प्रवक्ता ने हालांकि इस डील पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। डीएलएफ को इस प्रोजेक्ट से कुल 40,000 करोड़ रुपये का रेवेन्यू आने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट में लगभग 65% इन्वेंट्री बिक चुकी हैं।
100-170 करोड़ के बीच है कीमत
इस प्रोजेक्ट में एक अपार्टमेंट की कीमत 100 करोड़ रुपये से 170 करोड़ रुपये के बीच है। पेंटाहाउस इससे ज्यादा महंगा है। कोविड महामारी के बाद देश के सात प्रमुख शहरों में लग्जरी अपार्टमेंट की बिक्री की मांग में खासा इजाफा हुआ है। गुड़गांव और मुंबई में इस सेगमेंट में कई बड़ी डील हुई हैं।
कंपनी की बुकिंग्स, प्रीसेल गिरी
कोई नया प्रोजेक्ट लॉन्च नहीं होने की वजह से चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में डीएलएफ लिमिटेड की बुकिंग या प्रीसेल 94% गिरकर 657 करोड़ रुपये रही। 2025-2026 में डीएलएफ की बुकिंग या प्रीसेल 5% गिरकर 20,143 करोड़ रुपये रही, जबकि इसके एक वित्त वर्ष पहले यह रिकॉर्ड 21,233 करोड़ रुपये थी।
टारगेट पूरा करने पर आश्वस्त
इस साल मई में कंपनी ने मौजूदा 2026-27 वित्त वर्ष में 20,000 करोड़ रुपये का सालाना सेल्स बुकिंग्स गाइडेंस दिया था। डीएलएफ जून तिमाही में गिरावट के बावजूद इस वित्त वर्ष में 20,000 करोड़ रुपये के सेल्स बुकिंग्स टारगेट को पूरा करने के प्रति आश्वस्त है।

