नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा के काम की सभी तारीफ करते हैं. उनकी कोचिंग में टीम एक बार ट्रॉफी जीत चुकी है जबकि दो बार उप विजेता रह चुकी है. नेहरा को गौतम गंभीर की जगह पर टीम इंडिया का मुख्य कोच बनाने की बात चल रही है. इसे लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो जवाब उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में दिया.
भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में उनकी जगह पर यह जिम्मेदारी कौन करेगी इसे लेकर भी चर्चा हो रही है. संभावित दावेदारों की लिस्ट में पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का नाम सबसे आगे है. हालांकि चर्चा 2011 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे आशीष नेहरा की भी है. ये और बात है कि नेहरा ने फिलहाल इस पद को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखाई है.
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के सालाना अवार्ड समारोह में नेहरा से भविष्य में टीम इंडिया का कोच बनने को लेकर सवाल किया गया. इस पर उनका कहना था कि वह चीजों की पहले से योजना नहीं बनाते. उन्होंने इस जिम्मेदारी को सम्मान और सौभाग्य बताया. इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कोच की जिम्मेदारी लेने से पहले उनको हाई कमान यानी वाइफ से पूछना होगा वरना तलाक हो जाएगा.
भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के सवाल पर नेहरा जी का कहना था कि ये ऐसा काम है जिसके लिए घर से ज्यादा समय तक बाहर रहना होता है. अगर कभी ऐसा प्रस्ताव आता है तो सबसे पहले पत्नी से बात करनी होगी. कोच की नौकरी आसान नहीं है क्योंकि इसमें साल के आठ से नौ महीने तक यात्रा करनी पड़ सकती है.अगर उनसे बिना पूछे कोई फैसला ले लिया तो मेरा तलाक पक्का समझिए. इंटरनेशनल क्रिकेट में कम ही ऐसे लोग हैं जो तीन या चार साल से ज्यादा इस जिम्मेदारी को निभा पाते हैं. कोच बनने के बाद विदेशी दौरे और घरेलू मुकाबलों के लिए लगातार यात्रा करनी होती है. यह भूमिका बहुत ही ज्यादा चुनौतीपूर्ण होती है.

