नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली जाने वाली पहली टी20 इंटरनेशनल के लिए जापान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम के खिलाफ इस मैच को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाना है. 22 सितंबर को इस मैच को कराया जाएगा. इस ऐतिहासिक मुकाबले में जापान के टीम की कमान कौन संभालेगा इसकी घोषणा मंगलवार, 8 सितंबर को की गई. जापान के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग को कप्तानी दी गई है.
जापान के चयनकर्ताओं ने भारत के खिलाफ खेलने के लिए एशियन गेम्स में उतरने वाली ही टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों को मौका दिया है. नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में उतरने से पहले दो दिन पहले यह मुकाबला खेला जाना है. टीम में इब्राहिम ताकाहाशी और डेकलन सुजुकी-मैककॉम्ब भी शामिल हैं. इन दोनों ही खिलाड़ियों ने जापान के लिए 50 से अधिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. जापान ने एशियन गेम्स को ध्यान में रखते हुए ही टीम का सलेक्शन किया है.
A special moment for the 15-player group named by Japan to go toe-to-toe with #T20WorldCup champions India 🙌
More 👇https://t.co/MMEoQLduMy
— ICC (@ICC) September 8, 2026
घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम युवा स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर जेक कुसुडा-नैर्न को चयनकर्ताओं ने दिया है. टीम में अनुभवी त्सुयोशी ताकादा की भी वापसी हुई है. ताकादा ने 3 साल पहले ईस्ट एशिया-पैसिफिक टी20 चैंपियनशिप में टीम के लिए पहला मैच खेला था. लेग स्पिनर तानियामा ने भी टीम में जगह बनाई है. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न का वीडियो देखकर गेंदबाजी सीखी है.
केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिंजे, बेंजामिन इटो-डेविस, एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुडा-नैर्न, वातरु मियाउची (विकेटकीपर), रियो सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया-स्लेटर, डेकलान सुजुकी-मैककॉम्ब, त्सुयोशी ताकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोटो तानियामा, लचलान यामामोटो-लेक।

