नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जा रही टी20 सीरीज से दूसरे मुकाबले से पहले बड़ा झटका लगा है. तीन मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में जीत हासिल कर भारत ने 1-0 की बढ़त बनाई है. दिल्ली में खेले गए पहले मैच में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोटिल हो गए. इस चोट की वजह से अब वो पूरी सीरीज में नहीं खेल पाएंगे.
भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के बीच बड़ा झटका लगा है. टीम इंडिया के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण सीरीज के बाकी बचे दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं. उनको लगी चोट को लेकर बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. भारतीय टीम अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 15 सितंबर को खेलने उतरेगी. जबकि सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 17 सितंबर को होना है.
पहले मुकाबले में मिली जीत के बाद वरुण चक्रवर्ती ने 13 सितंबर को मीडिया से बात करने पहुंचे थे. अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 8 विकेट पर 157 रन का लक्ष्य रखा था. अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने इसे 13.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. 32 बॉल पर उन्होंने 82 की ताबतोड़ पारी खेली.ईशान किशन ने 42 रन बना डाले. वरुण ने चार ओवर में 16 रन देकर एक विकेट हासिल किया.मैच के कुछ समय बाद यह साफ हो गया था कि वरुण सीरीज से बाहर हो गए हैं.
साल 2026 में वरुण चक्रवर्ती लगातार चोटिल होते रहे हैं. आईपीएल 2026 में उन्हें पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ था. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए थे. उनको हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई थी. इसके बाद वरुण ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन पूरा किया. फिटनेस साबित करने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में वापसी की. पहले ही मुकाबले में उनको चोटिल होने की खबर चिंता बढ़ाने वाली है.

