Delhi News: दिल्ली की रोहिणी जेल में सोमवार को एक विचाराधीन कैदी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक आर्म्स एक्ट में जेल में बंद था। तंबाकू को लेकर जेल में बंद कुछ कैदियों से झगड़े के दौरान उसपर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। भोला और मुकेश नाम के कैदियों पर प्रमोद की हत्या का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वार्ड नंबर 3 में हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रोहिणी जेल के वार्ड 3 में दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। जिस कैदी की हत्या हुई वह कोई बड़ा गैंगस्टर नहीं है। यह भी बताया गया कि यह घटना किसी गैंगवार से जुड़ी हुई नहीं है। जिस कैदी की हत्या हुई उसका नाम प्रमोद बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक प्रमोद जेल के अंदर तंबाकू बेचता था। इसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी।
पहले भी जेलों में हुए मर्डर
इससे पहले भी दिल्ली की जेलों में मर्डर की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अंकित गुर्जर और टिल्लू ताजपुरिया जैसे गैंगस्टर के नाम शामिल हैं। अंकित गुर्जर और टिल्लू ताजपुरिया की हत्या तिहाड़ जेल के अंदर हुई थी। अंकित गुर्जर की हत्या 4 अगस्त 2021 को हुई थी, जबकि टिल्लू ताजपुरिया की हत्या 2 मई 2023 को हुई थी। टिल्लू ताजपुरिया हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।

