TRAI new regulation: प्रीपेड मोबाइल यूजर को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने मंगलवार को बड़ी राहत दी। TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 को जारी कर दिया है। इससे मोबाइल सेवा देने वाली कंपनियों को सिर्फ कॉल और एसएमएस वाले रिचार्ज भी लाने होंगे। ट्राई के इस कदम से लोगों को यह फायदा होगा कि वे बेवजह डेटा वाला महंगा रिचार्ज लेने के लिए मजबूर नहीं होंगे और उन्हें सस्ता रिचार्ज प्लान मिल पाएगा। TRAI ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी है।
ट्राई के नियम
ट्राई ने मोबाइल सेवा देने वाली कंपनियों को साफ कर दिया है कि अब उन्हें बिना डेटा की सुविधा वाला सस्ता रिचार्ज भी लाना होगा। ट्राई के नियमों के तहत,
- टेलीकॉम कंपनियों को Voice & SMS Only STV देने होंगे।
- 30 दिन और उससे कम वैलिडिटी के लिए ऐसे प्लान जरूरी कर दिए गए हैं।
- हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू होने वाला विकल्प भी ग्राहकों को देना होगा।
- 30 दिन से अधिक वैलिडिटी वाला कम से कम एक Voice-SMS प्लान भी जरूरी हो गया है।
यूजर्स को क्या होगा फायदा?
पैसों की होगी बचत: जिन यूजर्स को डेटा की जरूरत नहीं होती उन्हें बेवजह डेटा के पैसे नहीं देने होंगे।
बढ़ेंगे विकल्प: ग्राहक अपनी जरूरत और खर्च के हिसाब से रिचार्ज चुन सकेंगे।
TRAI ने क्यों उठाया कदम?
ट्राई ने कहा कि टेलीकॉम कंपनियां ‘वॉइस और SMS’ ओनली वाले STV (स्पेशल टैरिफ वाउचर) बहुत कम और सिर्फ लंबी वैलिडिटी पर ही दे रही थीं। इससे कम आय वाले उपभोक्ताओं को सस्ते और कम वैलिडिटी के रिचार्ज नहीं मिल पा रहे थे। ट्राई ने कुछ महीने पहले इस मामले पर सुझाव मांगे थे।

