नई दिल्ली. दिल्ली के बाहरी उत्तर जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव से घरेलू कलह से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है. आरोप है कि बीती रात पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान पत्नी ने अपने पति की पिटाई कर दी। देर रात पति की मौत हो गई. मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई है, जो दिल्ली नगर निगम यानी MCD में कार्यरत था. घटना की सूचना मिलने के बाद अलीपुर थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लिया है.
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार रवि और उसकी पत्नी के बीच वैवाहिक जीवन ठीक नहीं चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था. मृतक के बेटे और उसके सगे भाई ने पुलिस को बताया कि बीती रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने रवि की बुरी तरह पिटाई कर दी. इसके बाद देर रात रवि की मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही अलीपुर थाना पुलिस के साथ FSL की टीम भी मुखमेलपुर गांव स्थित घटनास्थल पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर से फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस और FSL की जांच का उद्देश्य घटना की परिस्थितियों और मौत से जुड़े साक्ष्यों को स्पष्ट करना है.पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. रवि के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है. पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं. अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल सकेगा.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मुखमेलपुर गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है.

