नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में शान से जगह बनाई है. श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज करते हुए बड़ी मुश्किल से 169 रन का स्कोर खड़ा किया था. लगातार गिरते विकटों को बीच ईशान किशन ने शानदार 80 रन की नाबाद पारी खेली. लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका पर टीम इंडिया के बॉलर कहर बनकर टूटे. पूरी टीम 9.5 ओवर में महज 45 रन पर ही सिमट गई. भारत ने 124 रन के बड़े अंतर से मैच जीतकर फाइनल का टिकट कटाया. अब गोल्ड मेडल जीतने के लिए उसका सामना पाकिस्तान की टीम के साथ होगा.
एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने अपना शानदार खेल दिखाते हुए श्रीलंका को एकतरफा मुकाबले में रौंद डाला. सेमीफाइनल में श्रीलंका के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जल्दी जल्दी आउट हुए फिर वैभव सूर्यवंशी ने टीम को संभाला. उन्होंने 38 रन की पारी खेली लेकिन वो भी आउट होकर चलते बने. ईशान किशन ने एक छोर को संभाले रखा और टीम की पारी को आगे बढ़ाया. कप्तान श्रेयर अय्यर महज 13 रन बनाकर आउट हुए. ईशान ने 46 बॉल पर 80 रन की नॉटआउट पारी खेल टीम को 7 विकेट पर 169 रन के स्कोर तक पहुंचाया.
📸 𝗠𝗮𝗿𝗰𝗵𝗶𝗻𝗴 𝗶𝗻𝘁𝗼 𝘁𝗵𝗲 𝗙𝗶𝗻𝗮𝗹 🏅
A commanding 1️⃣2️⃣4️⃣-run victory in the semi-final takes #TeamIndia into the Gold Medal match on Saturday 🇮🇳
Scorecard ▶️ https://t.co/DjHV9q6htT#AsianGames pic.twitter.com/kr6h7UlyyG
— BCCI (@BCCI) October 1, 2026
श्रीलंका की बल्लेबाजी बुरी तरह फ्लॉप
श्रीलंका की टीम 170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी और टीम के टॉप तीन बल्लेबाज बिना खाता खोले वापस लौट गए. सिनेथ जयवर्धने, लसिथ क्रुस्पुल्ले और सोहन डी लिवेरा बिना कोई रन बनाए ही वापस लौट गए. सिनेथ जयवर्धने और सोहन डी लिवेरा को जसप्रीत बुमराह ने अपना शिकार बनाया जबकि लसिथ क्रुस्पुल्ले रन आउट होकर वापस लौटे. नुवानीडु फर्नांडो ने टीम के लिए सबसे बड़ी 15 रन की पारी खेली. इसके अलावा सहन अराचिगे ने 9 रन बनाए. पूरी टीम महज 45 रन पर निपट गई.
भारतीय गेंदबाजों का कहर
टीम इंडिया की गेंदबाजी श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स में गजब की रही. जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट चटकाकर शुरुआत की. इसके बाद अक्षर पटेल ने भी दो विकेट चटकाए. आखिर में आकर अभिषेक शर्मा ने भी दो बल्लेबाजों को आउट कर श्रीलंका की टीम को पूरी तरह से पैक कर दिया.

