अंबाला. अगर आप पढ़ाई के साथ कोई ऐसा हुनर सीखना चाहते हैं, जिससे आगे चलकर नौकरी के साथ अपना काम भी शुरू किया जा सके, तो ब्यूटी, मेकअप और नेल्स डिजाइनिंग आपके लिए कमाई का अच्छा विकल्प बन सकता है. इसके लिए जरूरी नहीं कि कोई बड़ा सैलून या दुकान ही खोली जाए. घर के एक छोटे से कमरे, मिरर और जरूरी सामान के साथ भी इस काम की शुरुआत की जा सकती है. अंबाला के मिजाज खान पिछले 13 सालों से इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं और अब तक 100 से ज्यादा बच्चों को इस हुनर से जोड़ चुके हैं. अंबाला शहर के रहने वाले मिजाज खान बताते हैं कि उन्होंने हेयर सैलून और मेकअप के क्षेत्र में करीब 13 साल पहले काम शुरू किया था. इसी दौरान उन्होंने हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और नेल डिजाइनिंग जैसी अलग-अलग स्किल सीखी और कई संस्थाओं से सर्टिफिकेट भी हासिल किए. उनका सपना था कि वह खुद का ब्यूटी सैलून खोलें. उनके पिता की एक बात ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी कि कोई भी काम छोटा नहीं होता, जरूरत उसे बड़े तरीके से करने की होती है.
मिजाज खान लोकल 18 से बताते हैं कि उन्होंने इस क्षेत्र में कदम रखा था तो कई लोग इसे सिर्फ नाई का काम कहकर देखते थे, लेकिन उन्होंने इसे अपना करियर बनाया. आज वह खुद काम करने के साथ दूसरे बच्चों को भी ट्रेनिंग दे रहे हैं. उनके मुताबिक, इस क्षेत्र में आने वाले कई युवा अच्छी पढ़ाई करने के बाद भी ब्यूटी और मेकअप के कोर्स करते हैं और विदेशों में जाकर इसी हुनर के दम पर नौकरी कर रहे हैं. मिजाज खान के अनुसार नेल डिजाइनिंग उन स्किल्स में से एक है, जिसे कम समय में सीखा जा सकता है. इसका कोर्स करीब 15 से 20 दिन में पूरा किया जा सकता है. इसके बाद खासकर लड़कियां घर से ही इसकी क्लास शुरू कर सकती हैं या छोटा-सा सेटअप लगाकर काम कर सकती हैं. शुरुआत में भी रोजाना करीब 1,000 से 1,500 रुपये तक कमाई का लक्ष्य रखा जा सकता है. हालांकि कमाई ग्राहकों और काम की गुणवत्ता पर निर्भर करती है.
कैसे बढ़ेगी कमाई
मिजाज खान बताते हैं कि लड़कियों के लिए घर से ब्यूटी पार्लर शुरू करना भी एक विकल्प है. उनके अनुसार करीब 50 हजार रुपये के शुरुआती बजट में जरूरी सामान जुटाकर काम शुरू किया जा सकता है. शुरुआत में घर से काम करने वाली महिलाएं महीने में 15 से 20 हजार रुपये तक कमाई कर सकती हैं. अंबाला में इस क्षेत्र में शुरुआती नौकरी करीब 15 हजार रुपये के आसपास से शुरू हो सकती है और अनुभव के साथ कमाई बढ़ सकती है. आने वाले शादी सीजन को देखते हुए मेकअप आर्टिस्ट की डिमांड भी बढ़ने की उम्मीद है.
कितना कमा सकते हैं रोज
मिजाज खान बताते हैं कि करीब चार से छह महीने का मेकअप कोर्स करने के बाद कोई व्यक्ति शुरुआती स्तर पर एक मेकअप के लिए 5 से 10 हजार रुपये तक चार्ज कर सकता है. ब्राइडल मेकअप की कीमत काम और कलाकार के अनुभव के अनुसार करीब 5 हजार रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है. मिजाज खान के अनुसार शादी वाले घर में सिर्फ दुल्हन का मेकअप ही कमाई का जरिया नहीं होता. परिवार के दूसरे सदस्यों का मेकअप भी कराया जाता है. सामान्य मेकअप की कीमत करीब 1,500 रुपये तक हो सकती है. अगर एक ही घर में 10 से 15 लोग मेकअप करवाते हैं तो एक दिन की कमाई काफी बढ़ सकती है. मिजाज खान बताते हैं कि करीब 16 साल की उम्र से बच्चे इस क्षेत्र की बेसिक ट्रेनिंग लेना शुरू कर सकते हैं. पढ़ाई के साथ रोजाना दो से तीन घंटे की क्लास लेकर छह से सात महीने में मेकअप और हेयर स्टाइलिंग की अच्छी बेसिक स्किल हासिल की जा सकती है.
मिजाज बताते हैं कि ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में उनके सिखाए हुए बच्चे काम कर रहे हैं. एक प्रशिक्षित युवक को करीब 1.20 लाख रुपये तक का वेतन पैकेज भी मिल रहा है. यहां कमाई की सीमा सिर्फ नौकरी तक सीमित नहीं रहती. पहले किसी सैलून में काम सीखकर अनुभव लिया जा सकता है और बाद में अपना सैलून, होम पार्लर, मेकअप सर्विस या नेल स्टूडियो शुरू किया जा सकता है. उनके मुताबिक मेहनत, स्किल और ग्राहकों के भरोसे के साथ यही छोटा हुनर आगे चलकर बड़े बिजनेस का रूप ले सकता है.

