कुरुक्षेत्र. हरियाणा के कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 में एंटी नारकोटिक सेल (ANC) ने किराए के मकान पर रेड कर 21 लाख रुपए की ड्रग्स पकड़ी. साथ ही ड्रग्स सप्लाई करने के दो आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार किया है. अक्षित उर्फ विशु (24) और जसबीर (25) पिछले करीब 4-5 साल से इस धंधे में जुड़े हुए थे.
इसके साथ ही कुछ सप्लाई करने वालों तक पहुंचाते थे और बदले में कमीशन लेते थे. इस काम के लिए सेक्टर में किराए पर घर ले रखा था. दोनों बाहर से ड्रग्स लाकर कुरुक्षेत्र में नशे के आदी लोगों को बेचते थे. इन दोनों के खिलाफ जिला कुरुक्षेत्र में पहले भी NDPS एक्ट के केस दर्ज है.
एएनसी इंचार्ज सतविन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि दोनों दोस्तों ने अक्षित के सेक्टर-3 के किराए के मकान में ड्रग्स छिपाकर रखी हुई है. बात पुख्ता होने के बाद टीम ने उस मकान पर रेड कर दी. दोनों आरोपी अंदर ही मिले. तलाशी में उनके कब्जे से
100.60 ग्राम ड्रग्स (स्मैक) और करीब 8 हजार रुपए बरामद हुए.
मोबाइल की दुकान कर दी बंद
इस ड्रग्स की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत करीब 21 लाख रुपए है. पुलिस इनके बैंक अकाउंट की डिटेल भी खंगाल रही है. इतनी बड़ी रकम इनके पास कहां से आई. पुलिस के मुताबिक, अक्षित पहले मोबाइल रिपेयर का काम करता था. बाद में वह
ड्रग्स के धंधे में उतर गया. शुरुआत में बाहर से ड्रग्स लेकर आगे सप्लाई करता था और बाद में खुद भी नशेड़ियों को बेचने लगा. इसी दौरान उसका जसबीर के साथ संपर्क हुआ और दोनों दोस्त इस काम में साथ हो गए. दोनों का नेटवर्क सिर्फ खुद तक सीमित नहीं था. बाहर से लाई गई ड्रग्स को जरूरत के हिसाब से अलग-अलग लोगों तक पहुंचाया जाता था. कुछ लोगों को दोनों खुद बेचते थे, जबकि कुछ ड्रग्स आगे बेचने के लिए दूसरे लोगों को देते थे. इससे मिलने वाले कमीशन से दोनों कमाई करते थे.
जसबीर का 2 दिन का रिमांड
इंचाई सतविन्द्र सिंह ने बताया दोनों के खिलाफ
थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज किया गया है. अदालत में पेश करने के बाद अक्षित उर्फ विशु को जेल भेज दिया गया, जबकि जसबीर को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है. रिमांड में पुलिस उससे सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ करेगी.