नई दिल्ली. पूरे देश में इस समय चक्रवात की वजह से मौसम बिगड़ा हुआ है. चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 2 नवंबर के लिए कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
देश की राजधानी दिल्ली में भी बारिश का पूर्वानुमान है. इसके अलावा कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं।.मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी गई है. आइए जानते हैं कि 2 नवंबर को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार, 2 नवंबर को दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहेगा. आसमान में धूप खिली रहेगी और किसी भी इलाके में बारिश होने की संभावना नहीं है. दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह और शाम के समय न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों में दिल्ली के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि इस पूरे सप्ताह तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होगा.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु का सबसे ज्यादा असर दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में देखने को मिल सकता है. तटीय आंध्र प्रदेश के लिए अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. यहां 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. रायलसीमा और तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी से आने वाले बादलों के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
देश के उत्तरी और पूर्वोत्तर हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में हल्की बारिश की संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है.

