नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के दौरे पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज से बाहर हुए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा फिट हो चुके हैं. दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिए गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में पिछले दो दिनों तक चले सिमुलेशन टेस्ट के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें खेलने की मंजूरी दे दी है.
प्रसिद्ध कृष्णा जल्द ही न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं. माना जा रहा है कि वह जल्द से जल्द उपलब्ध फ्लाइट से न्यूजीलैंड पहुंचेंगे. उनके भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच होने वाले तीसरे और आखिरी अनऑफिशियल टेस्ट में खेलने की उम्मीद है. यह चार दिवसीय मुकाबला शनिवार, 7 नवंबर से शुरू होगा. प्रसिद्ध कृष्णा को बुधवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले ही बाहर किया जा चुका है.
इससे पहले आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रसिद्ध कृष्णा को 1 और 2 नवंबर को सिमुलेशन टेस्ट से गुजरना था. तेज गेंदबाज ने अब ये सभी फिटनेस आकलन पास कर लिए हैं. इसके बाद सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मेडिकल टीम ने उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए हरी झंडी दे दी है. प्रसिद्ध कृष्णा को न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था. उनकी उपलब्धता फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर थी. उन्हें 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी.
🚨 News 🚨
Prasidh Krishna ruled out of ODI series.
Mohd. Siraj will join the India A squad for the 2nd four-day game.
Nitish Kumar Reddy will link up with the India A squad for the 3rd four-day gameMore details 🔽 | #TeamIndia | #NZvIND
https://t.co/qGIF5AL2uG
— BCCI (@BCCI) October 30, 2026
30 अक्टूबर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने प्रसिद्ध कृष्णा को वनडे टीम से बाहर करने का फैसला किया था. बोर्ड ने बताया था कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से पहले तेज गेंदबाज को अपना वर्कलोड बढ़ाने के लिए और समय की जरूरत है. BCCI ने यह भी कहा था कि प्रसिद्ध कृष्णा को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे और आखिरी चार दिवसीय मुकाबले के लिए भारत ए टीम से जुड़ना था. इसके लिए उन्हें रिटर्न टू प्ले (Return to Play) आकलन पास करना जरूरी था. इस मुकाबले के जरिए उन्हें टेस्ट सीरीज से पहले मैच प्रैक्टिस मिलने की उम्मीद है. अब फिट घोषित होने के बाद भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज से पहले बड़ी राहत मिली है.

