Narela Diwali Accident: देशभर में दिवाली का त्योहार जहां रोशनी, खुशियों और आतिशबाजी के बीच मनाया गया, वहीं बाहरी दिल्ली के नरेला से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। दिवाली पर पटाखे जलाते समय एक 10 साल का बच्चा हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि आसमान में जाने के बजाय रॉकेट सीधे बच्चे के पेट में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। बेटे को खोने के सदमे में पिता की तबीयत भी बिगड़ गई। वहीं, परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
नरेला की राजीव कॉलोनी में हुआ हादसा
यह घटना बाहरी दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी की है। 8 नवंबर को दिवाली के अवसर पर परिवार में पूजा-पाठ के बाद आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान 10 साल का बच्चा भी पटाखे जला रहा था। बताया गया है कि बच्चा रॉकेट छोड़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन रॉकेट हवा में ऊपर जाने के बजाय उसकी ओर आ गया और सीधे पेट में जा लगा। रॉकेट लगने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग उसे बचाने के लिए तुरंत अस्पताल लेकर रवाना हुए। त्योहार की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।
अस्पताल में डॉक्टर्स ने मृत घोषित किया
घायल बच्चे को परिजन नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। उनका आरोप था कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई और इसी वजह से बच्चे की जान नहीं बच सकी। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही उसके पिता भी अस्पताल पहुंच गए। लेकिन बेटे को खोने का सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर सके और उनकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

