Kishtwar Latest News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। बुधवार को ड्यूटी के दौरान अचानक लापता हुए दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव गुरुवार सुबह जंगल में बरामद किए गए। दोनों जवानों की गोलियां लगी हुई थीं और उनकी सर्विस राइफलें भी घटनास्थल से गायब मिली हैं। इस घटना के बाद इलाके में आतंकवादी साजिश की आशंका गहरा गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
किश्तवाड़ के जंगल में मिले दोनों SPO के शव
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात थे। गुरुवार सुबह किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके के जंगलों में दोनों लापता SPO के शव बरामद किए गए। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। दोनों जवानों की दच्छन के कियार गांव स्थित कैंप में पोस्टिंग थी। बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे, तभी लापता हो गए थे।
बुधवार से लापता थे बाबी चंद और रशपाल कुमार
दोनों SPO बुधवार को ड्यूटी के सिलसिले में कियार कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वहां ड्यूटी पर तैनात अपने दो अन्य साथियों को राहत देने के लिए पहुंचना था। हालांकि काफी समय बीतने के बाद भी जब दोनों अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे तो अधिकारियों को चिंता हुई। उनके लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया। शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन चालू और संपर्क में बताए गए थे, लेकिन बाद में फोन बंद हो गए। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जंगलों और आसपास के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में उनकी तलाश तेज कर दी।
सुरक्षा एजेंसियों को आतंकी कनेक्शन का शक
इस घटना में सबसे गंभीर पहलू दोनों SPO की सर्विस राइफलों का गायब होना है। अधिकारियों के अनुसार दोनों जवानों के शव तो बरामद हो गए, लेकिन उनके सरकारी हथियार घटनास्थल पर नहीं मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर उनकी हत्या करने के बाद हथियार अपने साथ ले गए होंगे। इसी वजह से जांच में आतंकवादी एंगल को भी प्रमुखता से देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी आतंकी संगठन की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों जवानों के शव मिलने के बाद किश्तवाड़ के दच्छन और आसपास के जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रही हैं। तलाशी अभियान में ड्रोन और प्रशिक्षित खोजी कुत्तों की मदद भी ली जा रही है।

