अंबाला: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर अंबाला छावनी में रहने वाले पूर्वांचल के हजारों लोगों के लिए इस बार खुशियों की एक नई वजह जुड़ गई है. दरअसल सालों से छठ पूजा के लिए अस्थायी घाट बनाने, गड्ढे खोदने और पानी का इंतजाम करने की मशक्कत करने वाले श्रद्धालुओं को अब इस परेशानी से छुटकारा मिलने जा रहा है.
बता दें कि अंबाला छावनी के चंद्रपुरा इलाके में टांगरी नदी के पुल के पास करीब 50 लाख रुपये की लागत से पक्का और स्थायी छठ घाट तैयार किया गया है. अब यहां व्रती महिलाएं साफ-सुथरे घाट पर खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दे सकेंगी. इस छठ घाट का निर्माण नगर परिषद की ओर से कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निर्देश पर करवाया गया है.
गांव-घर से जुड़े रहने का भावनात्मक रिश्ता
करीब एक एकड़ क्षेत्र में तैयार किए गए इस घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पक्के निर्माण के साथ पानी और रोशनी का भी इंतजाम किया गया है. घाट के आसपास साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से तैयारी की गई है. खास बात यह है कि अब हर साल छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा के लिए अलग-अलग जगहों पर अस्थायी व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी. दरअसल अंबाला छावनी में पूर्वांचल के हजारों परिवार रहते हैं, जिनके लिए छठ महापर्व सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और अपने गांव-घर से जुड़े रहने का भावनात्मक रिश्ता है.
अस्थायी सरोवर तैयार
हर साल महिलाएं पूरे विधि-विधान से तीन से चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व को मनाती हैं. लेकिन घाट की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. कहीं गड्ढे खोदकर पानी भरवाना पड़ता था, तो कहीं टैंकर मंगवाकर अस्थायी सरोवर तैयार करना पड़ता था. पूजा समाप्त होने के बाद इन अस्थायी घाटों को फिर से बंद करना पड़ता था.
पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात
वहीं लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए स्थानीय नागरिक रामकुमार ने बताया कि अंबाला छावनी में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों के लिए यह बहुत बड़ी सौगात है. उन्होंने कहा कि पहले श्रद्धालु खुद गड्ढे खोदकर पूजा के लिए सरोवर तैयार करते थे. कई बार गंदगी और गंदे पानी के बीच भी महिलाओं को पूजा-अर्चना करनी पड़ती थी. इससे काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब करीब एक एकड़ में स्थायी छठ घाट तैयार होने से हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी. उन्होंने बताया कि पिछले साल छठ पूजा के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल विज पहुंचे थे और उन्होंने अगले साल तक पक्का घाट बनवाने का आश्वासन दिया था ओर अब घाट तैयार होने से लोगों में खुशी है.
श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी
वहीं स्थानीय निवासी रवि ने बताया कि चंद्रपुरा इलाके में टांगरी नदी के पुल के पास बना यह घाट आने वाले वर्षों में श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगा. पहले लोगों को जंगलनुमा क्षेत्र में खुद गड्ढे खोदने पड़ते थे और पानी भरवाने के लिए टैंकरों का इंतजाम करना पड़ता था. अब यहां पक्का घाट, पानी की व्यवस्था और रोशनी का प्रबंध होने से रात के समय भी महिलाएं आसानी से पूजा कर सकेंगी.
नहाय-खाय से शुरू महापर्व
स्थानीय निवासी डिंपल राणा ने बताया कि पूर्वांचल के परिवार छठ महापर्व को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं. नहाय-खाय से शुरू होने वाले इस पर्व में महिलाएं निर्जला व्रत रखकर डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देती हैं और अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं. इस दौरान व्रती महिलाएं घंटों पानी में खड़ी रहकर सूर्यदेव की उपासना करती हैं.
ऐसे में अंबाला छावनी के चंद्रपुरा में तैयार हुआ यह स्थायी छठ घाट सिर्फ एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि यहां रहने वाले पूर्वांचल के परिवारों की वर्षों पुरानी जरूरत और आस्था से जुड़ी उम्मीद का प्रतीक बन गया है. अब श्रद्धालुओं को हर साल अस्थायी घाट बनाने की चिंता नहीं सताएगी और टांगरी नदी किनारे छठ के गीतों, लोक आस्था और सूर्य उपासना की परंपरा को एक स्थायी ठिकाना मिलेगा.

