नई दिल्ली. शेयर बाजार में पैसा लगाने वालों के लिए सोमवार 23, नवंबर का दिन अच्छा नहीं रहा. भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में तेजी के साथ कारोबार करने वाले सेंसेक्स और निफ्टी दोपहर तक बड़ी गिरावट में चले गए. बैंकिंग, मेटल और फाइनेंशियल शेयरों में मुनाफावसूली ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया. कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में तेज गिरावट दर्ज की गई. इस बिकवाली से निवेशकों की करीब 5.12 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति साफ हो गई.
दोपहर करीब 1:14 बजे सेंसेक्स 1,110.24 अंक यानी 1.32 फीसदी गिरकर 82,809.47 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. कारोबार के दौरान इसने 84,662.96 का ऊपरी स्तर छुआ था, लेकिन वहां से यह 1,853.49 अंक तक फिसल गया. निफ्टी 50 भी 332.10 अंक यानी 1.29 फीसदी टूटकर 25,468.50 पर आ गया. कारोबार की शुरुआत में निफ्टी 25,929.15 पर खुला था और 25,992.60 तक पहुंच गया था. हालांकि, बाद में बिकवाली के दबाव में यह 25,458.25 के निचले स्तर तक फिसल गया.

निवेशकों के 5.12 लाख करोड़ रुपये डूबे
शेयर बाजार में आई गिरावट का असर कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण पर भी पड़ा. बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केट कैप शुक्रवार के 515.33 लाख करोड़ रुपये से घटकर सोमवार को 510.21 लाख करोड़ रुपये रह गया. इस तरह निवेशकों की संपत्ति में करीब 5.12 लाख करोड़ रुपये की कमी आई. बाजार के व्यापक सूचकांकों में भी कमजोरी रही. निफ्टी 100 में 1.24 फीसदी और निफ्टी 500 में 1.04 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
बैंकिंग और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली
सोमवार को बैंकिंग और मेटल सेक्टर बाजार की गिरावट के प्रमुख कारण बने. निफ्टी बैंक ने शुरुआती कारोबार में पहली बार 65,000 का ऐतिहासिक स्तर पार किया था. इसने 65,193.40 का रिकॉर्ड हाई भी बनाया, लेकिन इसके बाद तेज बिकवाली शुरू हो गई. दोपहर तक निफ्टी बैंक 63,117.75 पर कारोबार कर रहा था. इसमें 2.35 फीसदी की गिरावट आई. अपने दिन के उच्चतम स्तर से यह 2,075 अंकों से ज्यादा टूट गया. दूसरी ओर, निफ्टी मेटल इंडेक्स में 3.72 फीसदी की गिरावट आई. इसके अलावा निफ्टी पीएसयू बैंक 2.68 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक 2.34 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.85 फीसदी और निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.74 फीसदी नीचे रहा.
टाटा स्टील के शेयरों में 8.58 फीसदी की गिरावट
मेटल शेयरों में टाटा स्टील सबसे ज्यादा दबाव में नजर आया. कंपनी के शेयर 8.58 फीसदी गिरकर 162.50 रुपये पर पहुंच गए. कंपनी की ओर से एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ बड़े अधिग्रहण और कारोबार पुनर्गठन से जुड़े सौदे की घोषणा के बाद दोनों कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली. टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स में करीब 15,511 करोड़ रुपये में 26.38 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने पर सहमति जताई है. इसके साथ ही कंपनी अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर भी लाएगी. इसके अलावा टाटा स्टील अपने स्टील ट्यूब और कलर-कोटेड कारोबार को 28,000 करोड़ रुपये में एपीएल अपोलो को ट्रांसफर करेगी. इस घोषणा के बाद एपीएल अपोलो के शेयरों में भी भारी बिकवाली रही.
सेंसेक्स के इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई प्रमुख नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल रहे. दोपहर के कारोबार में एक्सिस बैंक 3.08 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक 2.55 फीसदी, एचडीएफसी बैंक 2.33 फीसदी, भारतीय स्टेट बैंक 2.24 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक 2.16 फीसदी गिर गया. इसके उलट आईटी शेयरों में मजबूती देखने को मिली. टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस के शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. मारुति सुजुकी भी सेंसेक्स के प्रमुख लाभ वाले शेयरों में शामिल रही.
आईटी शेयरों में मजबूती, निफ्टी आईटी 1.91 फीसदी चढ़ा
जहां बैंकिंग और मेटल शेयरों में भारी बिकवाली रही, वहीं आईटी सेक्टर ने बाजार के रुख के विपरीत प्रदर्शन किया. निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.91 फीसदी चढ़ गया. निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में भी 0.55 फीसदी की तेजी रही. फार्मा और हेल्थकेयर शेयरों में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई.

