Delhi Swine Flu: दिल्ली में इन दिनों H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक राजधानी में स्वाइन फ्लू के 2,602 मामले सामने आए हैं. इनमें 2,392 मामले इन्फ्लूएंजा ए और 210 मामले इन्फ्लूएंजा बी के हैं. इन्फ्लूएंजा ए के मामलों में 1,777 केस H1N1 वायरस से जुड़े हैं. पीटीआई के अनुसार, गुरुवार को ही 159 नए मामले सामने आए, जिनमें 114 H1N1 के थे. बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने लोगों के लिए नई हेल्थ एडवाइजरी जारी की है.
सरकार ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी
मामलों में वृद्धि के बीच दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. एडवाइजरी में सांस से जुड़ी स्वच्छता का ध्यान रखने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. ऐसी जगहों पर जहां शारीरिक दूरी बनाए रखना मुश्किल हो, वहां मास्क पहनना संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है.
खांसते-छींकते समय रखें सावधानी
सरकार ने खांसने और छींकने के दौरान मुंह और नाक ढकने की सलाह दी है. इसके साथ ही साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोने तथा बिना जरूरत आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने को कहा गया है. भीड़भाड़ वाली जगहों पर थूकने से भी बचना चाहिए.
संक्रमित व्यक्ति से बनाएं दूरी
सर्दी-जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण वाले व्यक्ति के बेहद करीब जाने से बचें. अगर खुद में ऐसे लक्षण नजर आएं तो दूसरों से दूरी बनाए रखना जरूरी है, ताकि संक्रमण फैलने की आशंका कम हो.
किन लोगों को ज्यादा सावधानी जरूरी?
छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. बुखार या फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
बाहर निकलते समय भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें. खांसते या छींकते समय नाक-मुंह ढकें और इसके बाद हाथ साफ करें. आंख, नाक और मुंह को बार-बार छूने से बचें. अगर बुखार दवा लेने के बावजूद कम नहीं हो रहा है, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें.

