Fuel surcharge hike: घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई सफर अब और महंगा होने जा रहा है। जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के बीच, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गुरुवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज 9 अक्टूबर से बढ़ाने की घोषणा की। इससे टिकटों पर कुल सरचार्ज बढ़कर 400 रुपये से लेकर 1,200 रुपये तक हो जाएगा। जिस रूट की दूरी ज्यादा होगी, उस पर सरचार्ज भी ज्यादा होगा। हालांकि, जिन यात्रियों ने पहले ही टिकट बुक कर लिया है, उन पर नई दर का असर नहीं पड़ेगा।
महंगे ATF से बढ़ा फ्यूल सरचार्ज
एक बयान में एयर इंडिया ने कहा कि हाल के महीनों में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है, जिसका मुख्य कारण भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर लगातार दबाव है। बयान में कहा गया, ”फ्यूल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी से एयरलाइंस की परिचालन लागत और बढ़ गई है, जबकि एयरलाइन के कुल खर्च में फ्यूल का हिस्सा काफी बड़ा बना हुआ है।” एयरलाइन की परिचालन लागत में ATF का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत होता है।
1,200 रुपये तक हो जाएगा सरचार्ज
घरेलू उड़ानों के लिए, संशोधित फ्यूल सरचार्ज दूरी के आधार पर 400 रुपये से 1,200 रुपये के बीच है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज क्षेत्र और देश के आधार पर 55 USD (करीब 5,000 रुपये) से 215 USD (करीब 21,400 रुपये) के बीच है। फ्यूल सरचार्ज में यह बदलाव देश की सबसे बड़ी एयरलाइन, इंडिगो द्वारा सरचार्ज बढ़ाने के कुछ दिनों बाद किया गया है।
यात्रियों को 0-500 किलोमीटर के लिए 400 रुपये सरचार्ज देना होगा। 501-1,000 किलोमीटर के लिए 600, 1,001-1,500 किलोमीटर के लिए 850 और 1,501-2,000 किलोमीटर के साथ 2,000 किलोमीटर से ज्यादा की उड़ानों के लिए 1,200 सरचार्ज देना होगा।
अकासा ने लागू किया सरचार्ज
आकासा एयर घरेलू उड़ानों के लिए 9 अक्टूबर से फ्यूल सरचार्ज लगाना शुरू करेगी और इंटरनेशनल उड़ानों के लिए भी सरचार्ज बढ़ाएगी। गुरुवार को एक बयान में, आकासा एयर ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी जियोपॉलिटिकल हालात की वजह से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिसके कारण फ्यूल सरचार्ज बढ़ाना पड़ा है।
1,150 रुपये तक होगा सरचार्ज
आकासा एयर ने मार्च में घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज शुरू किया था। घरेलू उड़ानों के लिए सरचार्ज हटा लिया गया था और अब इसे फिर से लागू किया जा रहा है। दूरी के आधार पर घरेलू उड़ानों के लिए सरचार्ज 375 रुपये से 1,150 रुपये के बीच होगा और इंटरनेशनल उड़ानों के मामले में नया सरचार्ज 2,500 रुपये होगा।
ATF ऑपरेटिंग खर्च का बड़ा हिस्सा
ATF एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च का एक बड़ा हिस्सा है और ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से पूरी इंडस्ट्री में एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च पर लगातार दबाव बना हुआ है। बयान में कहा गया है, ”ईंधन की मौजूदा कीमतों को देखते हुए, अकासा एयर ने इसके असर को कुछ हद तक कम करने के लिए एक सोच-समझकर कदम उठाया है।” एयरलाइन का यह फैसला इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की ऐसी ही घोषणाओं के बाद आया है।

