Stock market closing 8 October 2026: स्टॉक मार्केट में गुरुवार को जबरदस्त बिकवाली देखी गई। लगभग हर सेक्टर में बिकवाली का ऐसा दौर चला कि सारी कंपनियों के शेयर औंधे मुंह गिर पड़े। नतीजतन शेयर मार्केट बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स (Sensex) 1045 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 71,593.24 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 371.25 अंक फिसलकर 22,231.80 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 72,693.97 का ऊपरी स्तर, जबकि 71,327.75 का निचला स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी ने 22,599.05 का उच्च स्तर और 22,179.90 का निचला स्तर छुआ। बीएसई पर महज तीन कंपनियों के शेयर हरे निशान पर, जबकि बाकी 27 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
इन कंपनियों के शेयरों में तेजी
बीएसई पर टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक और इन्फोसिस के शेयरों में उछाल दर्ज किया गया। टेक महिंद्रा के शेयर में सबसे ज्यादा 0.44% की तेजी दर्ज की गई।
इन कंपनियों के शेयरों में गिरावट
बीएसई पर HCLTECH, TCS, HDFC बैंक, हिंदुस्तान लीवर, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, सन फार्मा, ITC, NTPC, मारुति, एलएंडटी, रिलायंस, ICICI बैंक, पावरग्रिड, कोटक बैंक, अल्ट्रासेमको, इटरनल, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट, ट्रेंट, SBIN, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, टाइटन, इंडिगो और BEL के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। ITC के शेयर में सबसे ज्यादा 4.24% की गिरावट दर्ज की गई।
ब्रॉडर मार्केट का रुख
निफ्टी 100 में 1.82%, निफ्टी मिडकैप 100 में 2.53% और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2.34% की गिरावट दर्ज की गई।
कच्चे तेल की कीमत उछली
ब्रेंट क्रूड गुरुवार को शाम 4.28 बजे 5.04% उछलकर प्रति बैरल 105.3 डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
इन वजहों से गिरा मार्केट
- RBI का आगे और दरें बढ़ाने का संकेत: लगभग 4 साल में पहली बार दरें बढ़ाने के साथ आरबीआई ने अपना रुख ‘न्यूट्रल’ से बदलकर ‘कैलिब्रेटेड टाइटनिंग’ कर दिया है। ऐसे में आने वाले कुछ महीनों में आरबीआई ब्याज दर में 1% तक की बढ़ोतरी कर सकता है। इस वजह से बाजार में गिरावट है।
- बॉन्ड यील्ड 24 साल के रिकॉर्ड स्तर पर: ग्लोबल मार्केट में बॉन्ड सेल-ऑफ तेज होने से अमेरिका की 30-साल वाली बॉन्ड की यील्ड 5.71% के पार पहुंच गई है। 10 साल की बॉन्ड यील्ड भी 5.3% से ऊपर चली गई है। बॉन्ड यील्ड बढ़ने से निवेशक शेयर मार्केट से पैसा निकालकर डेट मार्केट की ओर रुख करते हैं।
- कच्चा तेल 102 डॉलर प्रति बैरल के पार निकला: मिडिल ईस्ट में तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर बढ़ते हमलों के चलते ब्रेंट क्रूड 2% चढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। सप्लाई बाधित होने की आशंका और क्रूड इन्वेंट्री में 3.2 मिलियन बैरल की कमी आने से तेल की कीमतों में यह तेजी आई है।
- विदेशी निवेशकों (FIIs) की ताबड़तोड़ बिकवाली: विदेशी निवेशक लगातार भारतीय बाजारों में बिकवाली कर रहे हैं। बुधवार को FIIs ने 6,121 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। बीते 9 कारोबारी सत्रों में इन्होंने करीब 57,000 करोड़ रुपए के शेयर बेच चुके हैं।
- टेक्निकल लेवल टूटने से बढ़ी बिकवाली: ट्रेडिंग के दौरान निफ्टी ने अपने प्रमुख सपोर्ट लेवल्स को तोड़ दिया, जिससे बिकवाली और तेज हो गई। एक्सिस डायरेक्ट के विश्लेषकों का कहना है कि निफ्टी का 22,500 का सपोर्ट लेवल टूट चुका है, जिससे अब इसके 22,300 और फिर 52-सप्ताह के निचले स्तर 22,180 तक जाने की आशंका बन गई है।

