नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और पुरुष चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर के बीच मामला बिगड़ता नजर आ रहा है. बीसीसीआई की हुई पिछली टीम रिव्यू मीटिंग में वो शामिल नहीं हुए थे. अब उनके कॉन्ट्रैक्ट रिन्यूअल को फैसला लिए जाने की खबर आ रही है. जानकारी के मुताबिक अगले 48 घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं. इंग्लैंड के दौरे पर रोहित शर्मा को लेकर हुए विवाद के बाद जिस तरह से बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया को सामने आकर बयान देना पड़ा था मामला तभी से बिगड़ा है.
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इसी महीने खत्म होने जा रहा है. BCCI चाहे तो उनके कार्यकाल को बढ़ा सकती है लेकिन यह सब उनके बोर्ड के साथ संबंध पर निर्भर करता है. पिछले कुछ महीनों में जो घटना क्रम सामने आया है उसके बाद तो ऐसा नहीं लगता कि ये रिश्ता पहले जैसा है. ऐसे में बोर्ड अब अगरकर के साथ बैठकर उनके एक्सटेंशन को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेगा.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले करीब दो महीनों से BCCI के पदाधिकारियों और चयन समिति के बीच रिश्तों में खिंचाव देखने को मिला है. आने वाले दिनों में अगरकर और BCCI अधिकारियों के बीच एक बैठक होने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि इसमें चयन समिति के भविष्य और 2027 वर्ल्ड कप के लिए रोडमैप पर चर्चा हो सकती है.जैसी खबरें सामने आ रही है उसके मुताबिक अगरकर का कार्यकाल शायद आगे नहीं बढ़ाया जाएगा. ऐसे में BCCI को उनकी जगह नया चयन समिति अध्यक्ष नियुक्त करना होगा. अगरकर पर फैसला लेना मुश्किल है क्योंकि 2027 वनडे वर्ल्ड कप से महज एक साल बचा है. ऐसे में यह फैसला मुश्किल हो सकता है.
BCCI और चयन समिति के बीच मतभेदों की शुरुआत भारत के इंग्लैंड दौरे के दौरान हुई मानी जा रही है. दरअसल लॉर्ड्स में खेले जाने वाले आखिरा मुकाबले से पहले उनके इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की खबरें सामने आई. बताया जा रहा था कि चयन समिति के किसी सदस्य ने रोहित शर्मा को यह बता दिया है कि वो अब वनडे टीम में जगह नहीं बना पाएंगे. 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए वह भारतीय टीम की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. जैसे ही यह खबर मीडिया में आई तो हंगामा मच गया. रोहित के नाराज होने की बात सामने आई और उन्होंने BCCI अधिकारियों से अपनी निराशा जाहिर की.BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सामने आकर बयान देकर इन सभी खबरों को अफवाह बताया.

