- दो से तीन दिन तक लू से राहत की उम्मीद नहीं
UP Weather, (द भारत ख़बर), लखनऊ: हरियाणा-पंजाब समेत समूचे उत्तर भारत में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है और इससे फिलहाल राहत मिलने वाली नहीं है। उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड क्षेत्र इन दिनों दुनिया का सबसे गर्म इलाका बन गया है और बांदा में इस सप्ताह की शुरुआत से तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। बुधवार को बांदा में पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आज भी यहां ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान है।
लोगों को घरों में रहने की सलाह
यूपी के अन्य कई इलाकों में भी भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों में आने वाले दो से तीन दिन तक लू यानी हीटवेव से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। लोगों को प्रचंड गर्मी से बचने के लिए सुबह से दोपहर बाद तक अपने घरों में रहने की सलाह दी जा रही है।
जरूरी न हो तो शाम 4 बजे तक घर से न निकलें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह 8 बजे से शाम चार बजे तक, जरूरी न हो तो लोग घर सेबाहर न निकलें। इन दिनों सुबह आठ बजे ही यूपी के कई इलाकों में तापमान 30-35 डिग्री के पार चला जा रहा है। यूपी के उत्तरी क्षेत्र व तराई के इलाके को छोड़कर लगभग पूरे सूबे में लू का अलर्ट। आईएमडी ने कहीं येलो तो कहीं आॅरेंज अलर्ट घोषित किया है।
प्रयागराज और झांसी में पारा 47 डिग्री
बांदा के अलावा यूपी के और इलाके भी इन दिनों धधक रहे हैं। प्रयागराज और झांसी में भी पारा 47 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश के पश्चिम मध्य क्षेत्र के कानपुर व आगरा में तापमान 42-43 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। मिर्जापुर में पारा 46 डिग्री है। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रचंड गर्मी के मद्देनजर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेषतौर पर स्कूलों व अस्पतालों आदि में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पर नजर रखने को कहा है। सीएम ने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार लिए पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ये भी पढ़ें : Heatwave Alert: भारत में 48 डिग्री का प्रहार, देश में दुनिया के 100 सबसे गर्म शहर

