अमिताभ बच्चन से है खास कनेक्शन
Mayur Raj Verma, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: बीआर चोपड़ा की महाभारत (1988) में अर्जुन के वीर पुत्र अभिमन्यु का चक्रव्यूह वाला सीन आज भी दर्शकों की आंखें नम कर देता है। युद्ध के मैदान में बड़े-बड़े महारथियों को घुटने टेकने पर मजबूर करने वाले इस युवा योद्धा के किरदार को पर्दे पर निभाया था एक्टर मयूर राज वर्मा ने।
कोरोना काल में महाभारत के रिपीट टेलीकास्ट के बाद से ही फैंस इस एक्टर को सोशल मीडिया पर ढूंढ रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पर्दे पर तीरों की बौछार करने वाला यह वीर आज देश छोड़ चुका है और सात समंदर पार एक बेहद अलग जिंदगी जी रहा है?
इंडस्ट्री ने दिया छोटा अमिताभ बच्चन नाम
बहुत कम लोग जानते हैं कि मयूर राज वर्मा का बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन से एक बेहद खास और गहरा नाता रहा है। 70 और 80 के दशक में मयूर इंडस्ट्री के सबसे मशहूर और सबसे ज्यादा फीस पाने वाले चाइल्ड आर्टिस्ट हुआ करते थे।
उन्होंने कल्ट क्लासिक फिल्म मुकद्दर का सिकंदर में अमिताभ बच्चन के बचपन का किरदार निभाया था और पहली ही फिल्म से रातों-रात स्टार बन गए थे। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में बिग बी के बचपन के रोल किए, जिसके चलते पूरी इंडस्ट्री उन्हें छोटा अमिताभ बच्चन कहने लगी थी।
गोविंदा और चंकी पांडे के इनकार के बाद बने अभिमन्यु
जब बीआर चोपड़ा महाभारत की कास्टिंग कर रहे थे, तो शो के कास्टिंग डायरेक्टर गूफी पेंटल (शकुनि मामा) अभिमन्यु के रोल के लिए किसी बड़े चेहरे की तलाश में थे। हैरान करने वाली बात यह है कि इस रोल के लिए मयूर राज वर्मा पहली पसंद नहीं थे।
गूफी पेंटल ने इस किरदार के लिए पहले बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा और फिर चंकी पांडे को लेना चाहा। लेकिन दोनों ही स्टार्स ने इस रोल को करने से मना कर दिया। इसके बाद किस्मत चमकी मयूर राज वर्मा की। मयूर ने इस रोल को इतनी शिद्दत और परफेक्शन के साथ निभाया कि वो अमर हो गया।
शानदार करियर के बावजूद अचानक छोड़ दिया देश
एक्टिंग की दुनिया में मयूर सिर्फ एक एक्टर नहीं थे, बल्कि उन्होंने बतौर प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और टीवी प्रेजेंटर के रूप में भी बेहतरीन काम किया। अपने प्रेजेंटर के दिनों में वे बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान का एक शानदार इंटरव्यू भी ले चुके थे।
लेकिन हर तरफ वाहवाही और इतना नाम कमाने के बाद भी मयूर के दिल में कुछ और ही चल रहा था। उन्होंने अचानक न सिर्फ एक्टिंग की दुनिया को अलविदा कहा, बल्कि हमेशा के लिए भारत देश भी छोड़ दिया।
अब अमेरिका में पत्नी संग चला रहे हैं रेस्टोरेंट
साल 2007 में मयूर राज वर्मा अपनी पत्नी नूरी और दोनों बच्चों के साथ हमेशा के लिए विदेश (वेल्स, अमेरिका) शिफ्ट हो गए। आज चकाचौंध और कैमरे की लाइट से दूर, मयूर अमेरिका के फेयरबर्न में इंडियाना कुजीन के नाम से एक बेहद खूबसूरत इंडियन रेस्टोरेंट चलाते हैं और उनका एक होटल भी है।
इंटरनेट पर उनके ग्राहकों द्वारा शेयर किए गए रिव्यू के मुताबिक, मयूर और उनकी पत्नी नूरी आज भी बेहद सादगी से रहते हैं। वे खुद रेस्टोरेंट आने वाले ग्राहकों का गेट पर स्वागत करते हैं और उन्हें अपने हाथों से बेहद स्वादिष्ट और आॅथेंटिक इंडियन खाना सर्व करते हैं।
ये भी पढ़ें: 76 साल की उम्र में फिर चढ़ा इश्क का रंग, बॉयफ्रेंड के कंधे पर सिर रख दिखीं एक्ट्रेस

