नई दिल्ली. 17 साल के बाद भारत में फिर से बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप की वापसी हुई है. इसे भारत की युवा बैडमिंटन सनसनी आयुष शेट्टी ने और भी यादगाह बना दिया. उन्होंने पहले दौर में जो किया उसकी उम्मीद किसी ने भी नहीं की थी. आयुष ने बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी शी यूकी को हरा सन्न कर दिया. बिना सीड के उतरे भारत के इस उभरते स्टार ने 73 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया. उन्होंने एक बेहद रोमांचक मुकाबले में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन को 21-14, 13-21, 21-19 से शिकस्त दी.
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच आयुष ने ऐसा खेल दिखाया जिसने सबका दिल जीत लिया. उन्होंने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी के खिलाफ शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा. आयुष ने पहले गेम में लगातार तीन अंक हासिल करते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की. इसके बाद विरोधी को वापसी का मौका ही नहीं दिया. अंकों का अंतर इतना ज्यादा था कि ऐसा लग रहा था जैसे कोई नौसिखिए से मुकाबला चल रहा हो.
🚨 The first big result from #NewDelhi2026 #BWFWorldChampionships! 🔥 pic.twitter.com/zLklbEnNWD
— BWF (@bwfmedia) August 17, 2026
दूसरे गेम में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन शी यूकी ने अपने खेल में सुधार किया. उन्होंने आयुष की गलतियों का फायदा उठाते हुए लगातार अंक हासिल किए. पहला गेम हारने के बाद जवाबी हमला करते हुए 21-13 से दूसरा गेम अपने नाम कर मुकाबला बराबरी हासिल की. 1-1 की बराबरी से बाद मामला निर्णायक गेम में पहुंचा और आयुष ने अपने खेल में सुधार किया. उन्होंने दूसरे गेम की गलतियों को दोहराए बिना तेजी से बढ़त हासिल की. आयुष ने जबरदस्त आक्रामक खेल दिखाया और स्कोर देखते ही देखते 17-6 तक पहुंचा दिया. इतनी बड़ी बढ़त के बाद तय हो गया था कि अब सिर्फ आयुष को गलतियों से बचना होगा.
पिछड़ने के बाद अपने पूरे अनुभव को झोंकते हुए शी यूकी ने वापसी की. उन्होंने लगातार अंक हासिल करते हुए मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया. एक समय ऐसा लग रहा था यह मैच आयुष के हाथ से निकल जाएगा. स्कोर को शी ने बेहद करीब पहुंचा दिया और उनकी बढ़त लगभग खत्म हो गई. दबाव में अपने आप पर संयम रखा और भारतीय स्टार ने 21-19 से जीतकर मैच अपने नाम कर लिया.

