We women want conclave 2026: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के द इंपीरियल होटल में सोमवार को आईटीवी नेटवर्क के ‘वी वूमेन वांट कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया गया। महिलाओं को समर्पित इस आयोजन की सराहना करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं के जीवन में आने वाली चुनौतियों और उनसे पार पाने के लिए किए गए उपायों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कोई भी महिला कमजोर नहीं होती, जीवन में आगे बढ़ने और बुलंदियों को छूने के लिए उन्हें बस थोड़े सहयोग की जरूरत होती है।
खुद का खयाल रखना जरूरी
उन्होंने कहा कि एक महिला अपने पूरे जीवन में सबका ख्याल रखती है, लेकिन इस बीच वह खुद को भूल जाती है। उन्होंने महिलाओं से खुद का ध्यान रखने की अपील की। सीएम ने कॉन्क्लेव की सराहना करते हुए कहा, ”हर महिला सोचती है कि क्या जीवन में मुझे मौका मिलेगा? वैसी महिलाओं को मौका देने के लिए ही यह कॉन्क्लेव है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। हो सकता है कि मेरे हाथ बढ़ाने से कुछ आगे आ पाएं, कुछ आपलोगों के हाथ बढ़ाने से आगे आ पाएं और कुछ कार्तिकेय शर्मा जी जैसे व्यक्तित्व के हाथ बढ़ाने से आगे आ पाएं। ऐसा करना हम सबके लिए उपलब्धि होगी।”
महिलाओं के लिए टॉयलेट, सम्मान की बात बनी
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक समय था, जब महिलाएं शौच के लिए घर के बाहर जाती थीं। किसने सोचा था कि टॉयलेट महिलाओं के सम्मान की बात है। लेकिन प्रधानमंत्री ने ऐसा कर दिखाया। आज हर घर में शौचालय है।
उज्ज्वला योजना ने दूर की तकलीफें
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की सरहना करते हुए सीएम ने कहा, ”हमारे घर की महिलाएं पहले चूल्हे पर लकड़ी या कोयले से खाना बनाती थी। इस दौरान उन्हें कई तरह की तकलीफों का सामना करना पड़ता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस तकलीफ को समझा और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की। आज उन महिलाओं को कम से कम उस तकलीफ से निजात मिल गई है।”
दिल्ली की सीएम ने कहा, हर महिला के अंदर क्वालिटी होती है उनके सपने होते हैं। लेकिन साधनों की कमी की वजह से वह अक्सर पूरा नहीं हो पाता। आज हम सब मिलकर यह तय करेंगे कि कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से रोक न सके।

