
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर हर टीम अपने खिलाड़ियों का बैक अप लेकर उतरती है. बल्लेबाज और गेंदबाज का विकल्प तो आसानी से मिल जाता है लेकिन विकेटकीपर एक से ज्यादा हो ऐसा कम हो पाता है. क्रिकेट इतिहास का एक ऐसा भी मुकाबला हुआ जिसमें टीम चार विकेटकीपर के साथ उतरी. मैच के दौरान सभी ने कीपिंग ग्लब्स पहने लेकिन अफसोस एक भी कैच नहीं पकड़ पाए.
150 साल के क्रिकेट इतिहास में ऐसा एक बार ही देखने को मिला जब किसी टीम में टेस्ट मैच के दौरान चार विकेटकीपर ग्लब्स पहने नजर आए. जुलाई 1986 में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला इतिहास के पन्ने में दर्ज है. इस मुकाबले के दौरान बेहद अनोखा कारनामा देखने को मिला था. इस टेस्ट मैच के दौरान इंग्लिश टीम ने चार अलग-अलग खिलाड़ियों ने विकेटकीपिंग के लिए आजमाया. हैरानी इसे लेकर नहीं बल्कि इस बात की रही कि किसी के खाते में भी कोई कैच दर्ज नहीं हुआ.
24 से 29 जुलाई के बीच लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया था. इंग्लैंड के विकेटकीपर ब्रूस फ्रेंच को इस मुकाबले के दौरान गंभीर चोट लगी. न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी के दौरान तेज गेंदबाज नील फॉस्टर की गेंद को रोकने की कोशिश में गेंद फ्रेंच के चेहरे पर जा लगी. उनको बॉल इतनी जोर से लगी थी कि वो दर्द से छटपटा उठे और उनको तुरंत ही मैदान से बाहर ले जाया गया. फ्रेंच को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया.
फ्रेंच के चोटिल होकर मैदान से बाहर जाने के बाद इंग्लिश टीम के सामने समस्या आ गई कि अब विकेटकीपिंग कौन करेगा क्योंकि कोई स्पेशलिस्ट बैकअप विकेटकीपर नहीं था. कप्तान ने बल्लेबाज बिल ऐथे को यह जिम्मेदारी सौंपी. टेस्ट मैच लंबा होता है और एक दिन में लगातार मैदान पर लंबे समय तक खड़ा रहना होता है. इसी वजह से एक अनुभवी विकेटकीपर की जरूरत थी।
इसके बाद मैच में जो हुआ उसके बारे में किसी ने सोचा नहीं था इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बॉब टेलर लॉर्ड्स के इस मैच को बतौर गेस्ट देखने आए थे. दो साल पहले ही उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर से संन्यास लिया था. इंग्लैंड के कप्तान डेविड गोवर ने जाकर विरोधी टीम के कप्तान जेरेमी कोनी से बॉब को बतौर विकेटकीपर उतारने का रिक्वेस्ट किया और वो मान गए. उन्होंने दोबारा विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने और मैदान पर उतर गए. उन्होंने अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन करते हुए विकेट के पीछे जिम्मेदारी संभाली. फ्रेंच चोटिल थे और बॉब टेलर दूसरे दिन मैच देखने नहीं आए तो बॉबी पार्क्स को विकेटकीपर के तौर पर उतारा गया. तो ऐसे एक ही टेस्ट में फ्रेंच, ऐथे, टेलर और पार्क्स ने इंग्लैंड के लिए विकेटकीपिंग की.
न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड ने इस मैच में चार विकेटकीपर उतारा लेकिन किसी के खाते में एक भी कैच नहीं था. इस मुकाबले में पहली पारी में इंग्लिश टीम ने 307 रन बनाए थे जबकि न्यूजीलैंड ने 342 रन बनाए. दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 295 रन बनाकर पारी घोषित की. न्यूजीलैंड के सामने 261 रन का लक्ष्य था. पांचवें दिन का खेल खत्म होने तक कीवी टीम न 2 विकेट पर 41 रन बनाए थे मैच ड्रॉ हो गया.
