नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे सफल टीमों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार को एक बड़ा ऐलान किया. पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबर तमाम फैंस को सुनाया. टीम ने अपने इस चैंपियन को खास सम्मान देने का फैसला किया है. उनकी मशहूर 7 नंबर की जर्सी को हमेशा के लिए रिटायर कर दिया जाएगा. एक रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी के आईपीएल करियर को अलविदा कहने के बाद फ्रेंचाइजी ने यह कदम उठाने का निर्णय लिया है.
धोनी ने 17 नवंबर (मंगलवार) को आईपीएल से संन्यास का ऐलान किया था. उन्होंने 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के पहले खिलाड़ी के रूप में टीम से जुड़ते समय 7 नंबर की जर्सी चुनी थी. इसके बाद उन्होंने आईपीएल में चेन्नई के लिए 17 सीजन और दो सीजन राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए इसी नंबर की जर्सी पहनी. धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया और फ्रेंचाइजी के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बने.

महेंद्र सिंह धोनी के फैंस उनको ‘थाला’ के नाम से पुकारते हैं. 7 नंबर की जर्सी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरती है. अब CSK यह सुनिश्चित करना चाहती है कि फ्रेंचाइजी का कोई दूसरा खिलाड़ी इस नंबर की जर्सी न पहने. इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भी 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से धोनी के संन्यास के बाद उनकी 7 नंबर की जर्सी को रिटायर कर चुका है।
धोनी ने क्यों चुना था 7 नंबर?
धोनी ने पिछले साल एक कार्यक्रम में बताया था कि उन्होंने 7 नंबर की जर्सी क्यों चुनी थी. उनके मुताबिक, उनका जन्म 7 जुलाई को हुआ था. जुलाई साल का सातवां महीना भी है. इसके अलावा उनका जन्म वर्ष 1981 था, जिसमें 8 में से 1 घटाने पर 7 आता है. धोनी ने बताया था, “यही वह तारीख और दिन था, जब मेरे माता-पिता ने तय किया था कि मैं इस दुनिया में आऊंगा. मेरा जन्म 7 जुलाई को हुआ था. जुलाई भी साल का सातवां महीना है. मेरा जन्म वर्ष 81 था, जिसमें 8 में से 1 घटाने पर 7 आता है. इसलिए जब मुझसे पूछा गया कि कौन सा नंबर चाहिए, तो मेरे लिए 7 चुनना आसान था.”
IPL में किन खिलाड़ियों की जर्सी हो चुकी है रिटायर?
आईपीएल में धोनी से पहले भी कई दिग्गज खिलाड़ियों की जर्सी को सम्मान के तौर पर रिटायर किया जा चुका है। अब तक तीन अन्य फ्रेंचाइजी चार जर्सी नंबर रिटायर कर चुकी हैं।
1. सचिन तेंदुलकर (नंबर 10): मुंबई इंडियंस ने 2013 में सचिन तेंदुलकर के आखिरी सीजन के बाद उनकी 10 नंबर की जर्सी को रिटायर किया था. सचिन भी बाद में टीम के मेंटर बने.
2. एबी डिविलियर्स (नंबर 17): रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2023 में हॉल ऑफ फेम में शामिल करते हुए एबी डिविलियर्स की 17 नंबर की जर्सी को रिटायर किया. उन्होंने टीम के लिए 11 सीजन में 4,491 रन बनाए थे.
3. क्रिस गेल (नंबर 333): RCB ने इसी समारोह में क्रिस गेल की 333 नंबर की जर्सी को भी रिटायर किया था. गेल ने आईपीएल में कई रिकॉर्ड बनाए थे. इनमें उनकी 175 रन की ऐतिहासिक पारी भी शामिल है.
4. आंद्रे रसेल (नंबर 12): कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2026 में आंद्रे रसेल की 12 नंबर की जर्सी को रिटायर किया. फ्रेंचाइजी ने उनके एक दशक लंबे मैच जिताऊ योगदान को सम्मान दिया. खेलने से संन्यास लेने के बाद रसेल टीम के ‘पावर कोच’ की भूमिका में आ गए.

