फरीदाबाद. हरियाणा के फरीदाबाद खेड़ी पुल थाना इलाके में 10वीं कक्षा के एक छात्र का शव प्रेमिका के घर पर मिला. किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया. मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि लड़की के परिवार वालों ने किशोर को घर बुलाकर पहले बेरहमी से पीटा और फिर फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी.
जानकारी के अनुसार, छात्र की सहपाठी प्रेमिका के घर में फांसी के फंदे पर मिला है. घटना की खबर मिलते ही इलाके में तनाव फैल गया. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम के साथ हाथापाई व मारपीट की. इतना ही नहीं, शव लेने आई एंबुलेंस में जमकर तोड़फोड़ की गई, जिससे ड्राइवर को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी.
पूरा मामला फरीदाबाद के थाना खेड़ी पुल थाना इलाके स्थित टीटू कालोनी का है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.
पीड़ित और आरोपी पक्ष ने आरोप लगाया की मृतक किशोर और लड़की दोनों एक ही स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र थे.परिजनों का दावा है कि बुलाकर मारपीट की गई और फिर फंदे पर लटकाया गया.
मेरे बेटे को गोदाम से गोरे गोरे लड़के ले गए थेः मां
किशोर की मां पुष्पा ने बताया कि मेरे बेटे को लड़की के परिवार ने बुलाया था. मैंने बेटे को गोदाम में भेजा था. मेरे बेटो को मारकर फांसी पर लगाया है. मुझे बताया गया कि गोदाम से गोरे गोरे लड़के ले गए थे और लड़की के घर पर बेटे की लाश मिली है. लड़की ठीक है. मेरे साथ पुलिस ने मारपीट की है. मृतक के पिता भूषण चौधरी ने बताया कि वह ड्राइविंग करते हैं और मेरे बेटो को मारकर टांग दिया. जिसने मारा है, उसी के घर में लाश मिली है और मेरे बेटे को बुलाकर ले गई थी और लड़की की मां ने बुलाया था. पिता ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं और वह बिहार के रहने वाले हैं.
बवाल के बाद काफी संख्या में पुलिस बल तैनात
एंबुलेंस चालक महफूज ने बताया कि वह जब शव को लेने आए थे तो भीड़ ने हमला कर दिया. उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई है और इस घटना में कई पुलिसकर्मी ही घायल हुए हैं. एसीपी राजीव ने बताया कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम से मारपीट की और एंबुलेंस में तोड़फोड़ की. एसीपी राजीव कुमार के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उधर, घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जवान नजर आए.

