चरखी दादरी. हरियाणा के चरखी दादरी में सिटी पुलिस थाने के ठीक सामने 6 अगस्त को हुए अंधाधुंध फायरिंग कांड में बड़ा अपडेट सामने आया है. फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हिसार निवासी कीर्तिमान की गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. कीर्तिमान की मौत के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) जोड़ दी है.
डीएसपी साहिल ढिल्लो ने प्रेस वार्ता में कीर्तिमान की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले तीन शूटरों की तलाश में पुलिस की करीब आधा दर्जन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
थाने के सामने सात युवकों पर हुई थी अंधाधुंध फायरिंग
गौरतलब है कि 6 अगस्त को हिसार निवासी कीर्तिमान अपने छह साथियों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर दादरी कोर्ट परिसर आया था. सिटी पुलिस थाने के सामने पहुंचते ही तीन शूटरों ने स्कॉर्पियो सवार सातों युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. हमले में सभी सात युवक घायल हो गए थे. कीर्तिमान को गर्दन और पैर में तीन गोलियां लगी थीं. गंभीर हालत में उसे पहले रोहतक पीजीआई रेफर किया गया और बाद में गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कीर्तिमान के खिलाफ करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं.
6 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता रिमांड पर
डीएसपी साहिल कुमार ने बताया कि मामले में प्रीत निवासी साहुवास और युद्धवीरेन्द्र निवासी सांगा, हाल लोहारू चौक, चरखी दादरी को 7 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इसके बाद रोहित उर्फ कल्याणा निवासी कलियाणा और सचिन उर्फ रोट निवासी रावलधी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने अब छठे आरोपी विश्वजीत उर्फ ढिल्लू निवासी फतेहगढ़ को भी गिरफ्तार किया है. वहीं मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे रोहित कातिया को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस उससे वारदात की साजिश, शूटरों, हथियारों और इस्तेमाल किए गए वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
तीन शूटर अभी पुलिस की पकड़ से बाहर
डीएसपी साहिल ढिल्लो ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले तीन शूटरों की गिरफ्तारी के लिए करीब आधा दर्जन पुलिस टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं. पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियारों और वाहनों को बरामद करने के साथ-साथ आपराधिक साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. डीएसपी ने बताया कि गुरुग्राम से मिली रुक्का रिपोर्ट के आधार पर कीर्तिमान की मौत के बाद मामले में BNS की धारा 103 जोड़ी गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई.