Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शुक्रवार शाम चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। मंगोलपुरी की एक गली में बदमाशों ने कई लोगों पर चाकू से अचानक हमला कर दिया। घटना में कम से कम 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। गुरुवार शाम भी मंगोलपुरी के पास तीन युवकों से विवाद के बाद 17 वर्षीय एक लड़के की चाकू लगने से मौत हो गई थी।
शाम साढ़े सात बजे मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे मंगोलपुरी थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ युवक इलाके में पहुंचे और पहले कुछ लोगों से विवाद और मारपीट हुई। इसके बाद चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई। हमलावरों ने गली में मौजूद कई लोगों को निशाना बनाया। इस दौरान वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हमले में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में करीब 50 वर्षीय घनश्याम और 65 वर्षीय बाबूलाल भी शामिल बताए जा रहे हैं। घनश्याम की कमर और बाबूलाल की उंगली में चोट लगी है। घायलों को तत्काल संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पीड़ित ने बताई पूरी घटना
घायल घनश्याम ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बाइक पर बैठे थे। तभी कुछ युवक वहां आए और वे नशे की हालत में थे। उनके अनुसार युवकों ने अचानक हमला किया और उनकी कमर में चाकू मार दिया। घनश्याम का दावा है कि इसके बाद हमलावर गली में आगे बढ़े और उनके एक रिश्तेदार पर भी हमला किया। उन्होंने इलाके में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। घटना की सूचना मिलते ही मंगोलपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जांच के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की कोशिश कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों और घायलों के बीच पहले से कोई विवाद था या हमला अचानक हुआ।

