नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की सफल टीमों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स इन दिनों चर्चा में है. इस टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अगले सीजन में खेलेंगे या नहीं इसको लेकर बातें चलती रहेंगी. फिलहाल सुर्खियां इसे लेकर बनी है कि टीम में उन्होंने हिस्सेदारी की मांग की है. पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि फ्रेंचाईजी टीम में धोनी ने 20 फीसदी हिस्सेदारी की मांग रखी है. CSK मैनेजमेंट ने उन खबरों को खारिज कर दिया है.टीम के CEO कासी विश्वनाथन ने PTI से कहा कि ये खबरें ‘पूरी तरह निराधार’ हैं.
महेंद्र सिंह धोनी टूर्नामेंट के पहले सीजन से ही चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हैं. उन्होंने टीम को 5 बार आईपीएल का खिताब दिलाया. पिछले सप्ताह सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि धोनी CSK में हिस्सेदारी खरीदना चाहते हैं. ऐसा करने के पीछे की वजह उनकी फ्रेंचाइजी से लगाव को बताया गया था. यहां तक कहा जा रहा था कि CSK मैनेजमेंट ने पूर्व कप्तान की इन शर्तों को नहीं माना. दोनों के बीच सभी शर्तों पर सहमति नहीं बन पाई.
जो रिपोर्ट्स सामने आई थी उसमें बताया जा रहा था कि धोनी ने शुरुआत में 25% हिस्सेदारी मांगी थी जबकि CSK मालिक 3% हिस्सेदारी देने को तैयार थे. इसके बाद बात 20% और फिर 18% की हिस्सेदारी पर आकर टिक गई थी. इसी मामले में फ्रेंचाइजी की पेशकश के बारे में कहा जा रहा था कि 5.5% तक हिस्सेदारी की बात पहुंची थी. CSK CEO कासी विश्वनाथन ने कहा, “ये अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं।”

