ट्रेन रुकने के दौरान पटरी पर खड़े थे तभी दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन की चपेट में आए
Prayagraj Accident (द भारत ख़बर), प्रयागराज : प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत होने का समाचार है। पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह हादसा उक्त लोगों की अपनी गलती से हुआ। जिसका खामियाजा उन्हें अपनी जिंदगी खोकर चुकाना पड़ा। हादसे की सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने बुरी तरह से क्षतविक्षत हो चुके शवों को उठाया और उन्हें पोस्टर्माटम के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि प्रयासगराज अस्तापल में आज सभी का पोस्टमार्टम करने के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
इस तरह हुआ हादसा
जीआरपी और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी लोग दिल्ली-हावड़ा रूट पर कालका मेल से उतरकर पटरी पर खड़े थे इसी दौरान पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, कालका मेल में एक यात्री के गिरने के बाद चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया था। ट्रेन रुकने पर कुछ यात्री नीचे उतर गए और पटरी किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान मिजार्पुर की ओर से आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस तेज रफ्तार से गुजरी और पांच लोगों को रौंद दिया।
इस तरह हुई मृतकों की पहचान
हादसे में फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी 19 वर्षीय आकाश पुत्र गिरिराज की मौत हो गई। वह कोलकाता में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। उसके साथ अजय पुत्र मुन्ना पासी निवासी कोलकाता भी सफर कर रहा था। मृतकों में मिजार्पुर निवासी सुनील की भी पहचान हुई है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर रेलवे पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक कालका मेल से यात्रा कर रहे थे और ट्रेन रुकने के बाद नीचे उतर गए थे। शुरूआती जांच में लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

