सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा गुरुवार को तापमान
Delhi Weather Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : अप्रैल का अंतिम सप्ताह शुरू होते ही राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर ज्यादा सख्त कर दिए हैं। इसके चलते जहां लोगों को दिन के समय अत्याधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाजार में शीतल पेय व एसी, कूलर की डिमांड एकदम से बढ़ गई है। यदि गर्मी की बात करें तो गुरुवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।
बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को तापमान में चार डिग्री की वृद्धि देखी गई। इस दौरान तापमान 41.7 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 17 अप्रैल को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। बीते साल 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री रहा था, जो कि सीजन का सबसे गर्म दिन था। न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री के पार पहुंच गया है।
रिज एरिया में रहा सबसे ज्यादा तापमान
रिज इलाके में तापमान 43 डिग्री तक दर्ज हुआ। पालम में 41.6 डिग्री, लोधी रोड में 41.4 डिग्री तक तापमान रहा। गर्मी के तेवर भले ही कड़े रहे हों लेकिन लू अभी नहीं चली। हालांकि, गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को जरूर परेशान कर दिया। बुधवार को सफदरजंग मानक केंद्र में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 व 25 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दो दिन बाद राहत मिलने के आसार
अभी तेज सतही हवाएं तापमान को तेजी से बढ़ने से रोक रही थी, लेकिन शुक्रवार को हवा कुछ धीमी हो सकती हैं, जिससे तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके बाद 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस दौरान बिजली चमकेगी, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में मामूली सी गिरावट देखने को मिल सकती है। तापमान 40-42 डिग्री के बीच ही बना रहेगा। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं मिलेगी और अप्रैल अंत या फिर मई के पहले सप्ताह में राजधानी का तापमान 45 डिग्री पार करने की संभावना जताई जा रही है।

