IMD Rain Alert for Delhi: राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सुबह-सुबह कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपडेट जारी करते हुए दिल्ली में अगले 2-3 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में 25 अगस्त को सुबह 9:45 बजे तक बारिश का अनुमान है। ऐसे में सुबह ऑफिस, स्कूल या अन्य जरूरी कामों के लिए घर से निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के साथ तेज हवाओं की भी संभावना है।
अगले कुछ घंटों में होगी तेज बारिश
IMD के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार दिल्ली में मंगलवार सुबह कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। दोपहर बाद से शाम के बीच भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। इसका मतलब है कि सुबह का मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है। कुछ इलाकों में बारिश तेज तो कुछ हिस्सों में हल्की रह सकती है। स्थानीय स्तर पर मौसम में तेजी से बदलाव भी देखने को मिल सकता है।
Delhi Weather Update
Heavy rainfall likley over Delhi during next 2-3 hours (valid till 0945 hrs IST of 25/08/2026).— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 25, 2026
सोमवार को बारिश ने बढ़ाई थी परेशानी
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को हुई तेज बारिश ने पहले ही जनजीवन को प्रभावित किया था। राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। भारी बारिश और खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कई उड़ानों के संचालन में परेशानी आई। गुरुग्राम प्रशासन ने भी भारी बारिश के बाद 25 अगस्त के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की थी। प्रशासन ने जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।
एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के कई हिस्सों में भी मंगलवार को बारिश का असर देखने को मिल सकता है। दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के लिए भी सुबह से दोपहर के दौरान बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है। देश के कई अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। 25 अगस्त को दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

