नई दिल्ली. देश भर में जहां बारिश की मार पड़ रही है, इसका असर उत्तर भारत में दिख रहा है. मौसम ने पिछले कुछ दिनों में अचानक से करवट ली है और लोगों को जहां भीषण गर्मी से राहत मिली है तो अब बारिश ने बेहाल कर रखा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन तमाम राज्यों के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है. बारिश की वजह से कई जगहों पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय बादलों छाए रहने की उम्मीद है जबकि शाम होते होते बारिश होगी और ये रात में और ज्यादा तेज होगी. हवाओं की बात करें तो इसकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रहने की उम्मीद है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. आईएमडी के अनुसार दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
मानसून का कहर पिछले कुछ दिनों से हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी देखने को मिला है. मौसम के मुताबिक कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे जबकि कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है. कई शहरों में चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग की तरफ से इन राज्यों में रहने वाले किसानों के साथ जन साधारण को खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है. खास तौर पर खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है.
मौसम विभाग की तरफ से उन सभी लोगों को सावधान किया गया है जो परिवार के साथ रविवार को छुट्टी मनाने के इरादे से बाहर निकलने की सोच रहे हैं. सभी को तमान निर्देश का पालन करने की सलाह दी गई है. घर से बाहर निकलने से पहले अपने इराके के मौसम की जानकारी दे लें. ऐसी जगह पर जाने से बचे जहां जल जमाव होता है.

