नई दिल्ली. देशभर में शुक्रवार, 25 सितंबर का मौसम खुशनुमा रहेगा. कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी भी भारत के कई हिस्सों में सक्रिय है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तेलंगाना, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, ओडिशा और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है. कई क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी संभावना है.
IMD के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में आज भारी बरिश का पूर्वानुमान है. वहीं कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है. मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा ये उम्मीद जताई गई है.
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां भी मौसम दिल्ली जैसा ही रहने की उम्मीद जताई जा रही है. कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश तेज होने की संभावना है. वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, चंदौली, भदोही, सोनभद्र, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और अंबेडकर नगर में शुक्रवार और शनिवार को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
महाराष्ट्र में मौसम अगले कुछ दिन में बदलने वाला है. आपको बता दें कि अनंत चतुर्दशी यानी शुक्रवार को कोंकण क्षेत्र में बारिश कम रहने की संभावना है. मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है. छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़, लातूर, परभणी, बीड, जालना, धाराशिव, हिंगोली और अंबाजोगाई में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. IMD ने भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और गोंदिया जिलों के लिए कल ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव के क्षेत्र की वजह से पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में शुक्रवार को जोरदार बारिश की आशंका जताई गई है. IMD ने मछुआरों को शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों से समुद्र में न जाने की सलाह दी है. इस दौरान 55-65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. शुक्रवार को पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में जमकर बादल के बरसने की उम्मीद है.
पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं और चित्तौड़गढ़ समेत कई इलाकों में आज बारिश होने की उम्मीद है. मौसम विभाग की तरफ से यहां रहने वालों को अलर्ट किया गया है. बारिश का यह दौर 27 सितंबर तक जारी रह सकता है. पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, नागौर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, पाली, बालोतरा, फलोदी और सिरोही में इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है.
बात करें झारखंड की तो राजधानी रांची समेत खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर मूसलाधार बारिश होने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है. इन शहरों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया जा चुका है. IMD ने इसी अवधि के लिए 11 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है. बाढ़ की मार झेल रहे बिहार में बारिश से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही. शुक्रवार को कई हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. अलग-अलग इलाकों में मानसूनी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

