
नई दिल्ली. दिल्ली में फिर से एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. नॉर्थ दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में डीयू की दो छात्राओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि उनके साथ अभद्रता की गई. आरोप के मुताबिक कार सवार कुछ युवकों ने छात्राओं पर पहले तो आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं. इसके बाद जब उन्होंने विरोध जताया तो उन्हें जबरन गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की गई. इससे भी शर्मनाक बात यह कि इस घटना के बाद छात्राएं जब शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं तो वहां उनको टालने की कोशिश की गई. करीब 4 से 5 घंटे तक उन्हें तीन अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े. सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की.
इस शर्मनाक घटना को लेकर पीड़ित छात्रा ने जो बताया उसके मुताबिक, बुधवार, 23 सितंबर रात करीब 9:30 बजे वह अपनी दोस्त के साथ विजय नगर स्थित हकीकत पार्क से ओल्ड गुप्ता कॉलोनी (OGC) की ओर पैदल जा रही थी. इसी दौरान एक सफेद रंग की सफारी उनके पास आकर रुकी. कार में बैठे युवकों ने शीशा नीचे कर दोनों छात्राओं पर भद्दे कमेंट किए इसके बाद गंदे भाषा का इस्तेमाल किया. छात्राओं ने वहां से आगे बढ़ना शुरू कर दिया. कुछ दूर जाने के बाद छात्रा ने देखा कि वो गाड़ी अब तक उनका पीछा कर रही है और OGC के पास तक पहुंच गई है.
इस घटना का जब पीड़िता ने वीडियो बनाने के लिए फोन निकाला तो कार सवार युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरदस्ती गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की. इसी दौरान उसकी दोस्त ने भी अपना फोन निकाल लिया. जैसे ही इस पूरी घटना का वीडियो बना तो गाड़ी वापस मोड़कर सारे युवक भाग खड़े हुए.
लड़कियों ने उनके साथ हुई इस भयावह घटना के बाद पुलिस में मामला दर्ज कराने के लिए थाना जाने का फैसला लिया. दोनों छात्राएं शिकायत दर्ज कराने मॉरिस नगर थाने पहुंचीं. पीड़िता का आरोप है कि वहां उन्हें वही बताया गया जो आम तौर पर फिल्मों में देखने को मिलता है. यह घटनास्थल उस थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता. इसके बाद छात्राओं को दूसरे थाने भेजा गया. पीड़िता के मुताबिक उन्होंने करीब 4-5 घंटे के दौरान तीन थानों के चक्कर लगाए. उनकी FIR दर्ज नहीं की गई. पीडित छात्रा का यह भी आरोप है कि उन्होंने आरोपी की लाइव लोकेशन का पता भी लगा लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दी, लेकिन फिर भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. इन सबके बाद जब छात्रा के पास न्याय का कोई रास्ता नहीं बचा तो मुखर्जी नगर थाने के बाहर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की.
