IMD Weather Update for 22 July 2026: उत्तर भारत में इस वक्त मानसून पूरी तरह एक्टिव है और अधिकतर जगहों पर बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार 22 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार दिल्ली में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के कारण लोगों को उमस से राहत मिल सकती है।
हरियाणा और पंजाब में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दोनों राज्यों में 20 से 23 जुलाई के बीच मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक हरियाणा और पंजाब में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। दोनों राज्यों के कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में IMD की वॉर्निंग
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टानें गिरने और अचानक बाढ़ जैसी स्थितियों का खतरा बना हुआ है। IMD ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। पिछले कुछ दिनों में दोनों ही राज्यों में भारी बारिश देखने को मिली है। हिमाचल से भूस्खलन के कई मामले सामने आए थे और मौसम के रेड अलर्ट को देखते हुए कई जिलों में स्कूल-कॉलेज की छुट्टियां भी की गई थीं। अगले कुछ दिन दोनों राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश का अनुमान है, जिससे फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बरसेंगे बादल
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है। बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्य असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

