Price Hike 1 August 2026: अगस्त की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब पर महंगाई का असर और बढ़ सकता है. अगर आप नई कार, स्मार्टफोन, टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन या ब्रांडेड कपड़े खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अगले महीने से इनके लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. कई कंपनियां बढ़ती लागत की भरपाई के लिए अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं.
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
कंपनियों का कहना है कि उत्पादन और सप्लाई से जुड़ी लागत लगातार बढ़ रही है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे सामान की ढुलाई महंगी हो गई है.
इसके अलावा कच्चे माल, कच्चे तेल और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. भारतीय रुपये में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं ने भी कंपनियों पर अतिरिक्त दबाव डाला है. इसी कारण कई कंपनियां अगस्त से अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं.
किन-किन चीजों के दाम बढ़ सकते हैं?
उत्पाद संभावित बढ़ोतरी
पैकेज्ड चाय 6% से 8%
हेयर ऑयल 6% से 8%
टेलीविजन 4% से 6%
रेफ्रिजरेटर 4% से 6%
वॉशिंग मशीन 10% तक
स्मार्टफोन ब्रांड और मॉडल के अनुसार
ब्रांडेड कपड़े 8% तक
पैसेंजर कार मॉडल के अनुसार
ब्रांडेड कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक्स होंगे महंगे
कई कपड़ा कंपनियां पिछले कुछ महीनों से पुराने स्टॉक के जरिए कीमतों को कंट्रोल किए हुए थीं. अब नए सीजन का कलेक्शन बाजार में आने वाला है, जिसकी उत्पादन लागत पहले से अधिक है. इसका असर ब्रांडेड कपड़ों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है.
वहीं टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और स्मार्टफोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना है. खासकर मेमोरी चिप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स महंगे होने से स्मार्टफोन की कीमतों पर ज्यादा असर पड़ सकता है.
अगस्त से कार खरीदना भी पड़ सकता है महंगा
बढ़ती उत्पादन लागत के चलते कई ऑटो कंपनियां भी अगस्त से कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं.
मारुति सुजुकी कुछ मॉडलों की कीमत में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर सकती है.
होंडा कार्स इंडिया भी 1 अगस्त से नई कीमतें लागू करने की योजना बना रही है.
मर्सिडीज-बेंज ने बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग लागत के कारण दाम बढ़ाने के संकेत दिए हैं.
टाटा मोटर्स और महिंद्रा पहले ही इस महीने कुछ मॉडलों की कीमतें बढ़ा चुकी हैं.
ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
त्योहारी सीजन से ठीक पहले होने वाली ये संभावित महंगाई घरेलू बजट पर असर डाल सकती है. रोजमर्रा की जरूरत की चीजों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और कार तक कई उत्पादों के लिए ग्राहकों को पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.
अगर आप आने वाले दिनों में कोई बड़ा सामान खरीदने की सोच रहे हैं, तो नई कीमतें लागू होने से पहले खरीदारी करना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

