नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट में लंबे समय से चली आ रही महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बादशाहत खत्म हो गई है. इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट ने इस फॉर्मेट में एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. अब टेस्ट में सबसे ज्यादा फिफ्टी जमाने के मामले में ये इंग्लिश खिलाड़ी सबसे आगे निकल गया है. पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद 62 रन बनाते ही रूट ने सचिन को इस मामले में पीछे छोड़ दिया.
35 साल के जो रूट के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 69 अर्धशतक हो गए हैं. पाकिस्तान के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट से पहले यह खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से साथ बराबरी पर खड़ा था. सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर में 68 अर्धशतक लगाए थे. बात इसके बाद आने वाले बल्लेबाजी की करें तो वेस्टइंडीज के शिवनारायण चंद्रपॉल 66 अर्धशतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर और भारत के राहुल द्रविड़ के नाम 63-63 अर्धशतक हैं.
“𝐒𝐭𝐚𝐫𝐭 𝐨𝐟 𝐚 𝐧𝐞𝐰 𝐞𝐫𝐚!”
Joe Root and England wrap up the #WTC27 series against Pakistan in high spirits 👏https://t.co/L5HTppw9zD
— ICC (@ICC) September 12, 2026
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 69 गेंद पर 62 रन की नॉट आउट पारी खेली. उन्होंने इस फिफ्फी जमाने के साथ ही टीम को जीत तक पहुंचाया. पाकिस्तान ने मेजबान टीम के सामने 130 रन का लक्ष्य रखा था. महज दो विकेट खोकर टीम ने इस आसान लक्ष्य को हासिल किया और सीरीज में पाकिस्तान को 3-0 से हरा उसका क्लीन स्वीप कर दिया. पिछले कुछ महीनों में रनों की बरसात करने वाले जो रूट के लिए पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. सीरीज में तीन टेस्ट की पांच पारियों में 164 रन ही बना पाए.
बेन स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद जो रूट को दोबारा से टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था. उन्होंने इस सीरीज में 3-0 से जीत दर्ज कर पाकिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया. लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने पारी से जीत दर्ज की थी. इसके बाद लॉर्ड्स के मुकाबले में 194 रन की बड़ी जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा किया. तीसरे और आखिरी मैच में 8 विकेट की जीत ने पाकिस्तान का क्लीन स्वीप कर दिया.

