नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी कर दिया है. गुरुवार, 1 अक्टूबर को आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी किया. दुनिया की मौजूदा नंबर एक वनडे टीम भारत को ग्रुप ए में रखा गया है. उसके साथ पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमें हैं. टीम इंडिया को अपना पहला मुकाबला छह बार की चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है.
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का इंतजार हर एक क्रिकेट फैन को है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया साल 2011 के बाद एक बार फिर से इस खिताब को जीतना चाहेगी. भारतीय टीम को अपना पहला मुकाबला 7 अक्टूबर को केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना है. भारत का ग्रुप ए में दूसरा मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होगा. 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग के द वांडरर्स स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. दोनों टीमें इससे पहले वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी हैं, ऐसे में इस मुकाबले पर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजरें रहेंगी.
𝙈𝘼𝙍𝙆 𝙔𝙊𝙐𝙍 𝘾𝘼𝙇𝙀𝙉𝘿𝘼𝙍𝙎 🗓️
The ICC Men’s #CWC27 fixtures have been unveiled 🏆
Access the ticket ballot 🎫 https://t.co/MSLEQzcObb pic.twitter.com/dpTE4TEjO7
— ICC (@ICC) October 1, 2026
आईसीसी ने जो शेड्यूल जारी किया है उसके मुताबिक भारत अपना तीसरा ग्रुप मैच 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगा. 17 अक्टूबर को ब्लोमफोंटेन में क्वालिफायर ए से मुकाबला होना है. टीम इंडिया का ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ विक्टोरिया फॉल्स में होगा. जिम्बाब्वे इस टूर्नामेंट का को-होस्ट भी है. ग्रुप ए में भारत अगर टॉप तीन टीमों में रहता है, तो वह अगले दौर के लिए क्वालिफाई करेगा. अगले दौर के मुकाबले 25 अक्टूबर से 14 नवंबर तक खेले जाएंगे.
The #CWC27 groups are locked ⚡🔐
A cricketing extravaganza awaits! How to watch the schedule launch ➡️ https://t.co/Eod5GoN7zW pic.twitter.com/oVg7zVHLNF
— ICC (@ICC) October 1, 2026
वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले 17 और 18 नवंबर को खेले जाएंगे. पहला सेमीफाइनल केपटाउन और दूसरा त्श्वाने में होगा. वहीं टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग के द वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत के लिए ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले मैचों में शामिल होंगे.

