
डब्ल्यूएफआई, डोप और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती नियमों का उल्लंघन करने का आरोप
Vinesh Phogat, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट पर 26 जून तक डोमेस्टिक कॉम्पिटिशन खेलने पर बैन लगा दिया है। डब्ल्यूएफआई ने इस बारे में विनेश फोगाट को नोटिस भी भेजा है। नोटिस में विनेश फोगाट पर डब्ल्यूएफआई, डोप और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। दरअसल, विनेश फोगाट ने अगस्त 2024 में पेरिस ओलिंपिक से डिसक्वालीफाई होने पर संन्यास लेने का ऐलान किया था।
हालांकि, कुछ दिन बाद उन्होंने अपना फैसला वापस ले लिया था। अब डब्ल्यूएफआई का कहना है कि विनेश ने संन्यास से वापसी के लिए छह महीने पहले सूचना नहीं दी। विनेश के व्यवहार से देश को शर्मिंदगी हुई है और भारतीय कुश्ती की छवि खराब हुई है। अगस्त 2024 में हुए पेरिस ओलिंपिक में ओवर वेट पाए जाने पर विनेश फोगाट को डिसक्वालीफाई किया गया था।
तब उन्होंने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान किया था। दूसरा, 18 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में हुए डोप टेस्ट में शामिल न होने पर इसी महीने 4 मई को इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने विनेश फोगाट को नोटिस जारी किया था।
हरियाणा के जुलाना से विधायक हैं विनेश फोगाट
विनेश फोगाट ने 3 मई को डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए थे। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके विनेश ने कहा था, यूपी के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट हो रहा है। आज कुछ मजबूरियों के चलते मैं कहना चाहती हूं कि बृजभूषण शरण के खिलाफ कंप्लेंट करने वाले उन 6 विक्टिम में मैं भी शामिल हूं। मेरी गवाही भी कोर्ट में चल रही है।
मेरा उसके घर (गोंडा) में जाकर कॉम्पिटीशन लड़ना मुश्किल होगा। मुझे नहीं लगता कि मैं अपना 100% दे पाऊंगी। एक लड़की के लिए ये काफी मुश्किल होगा। मैं और मेरी टीम कॉम्पिटीशन लड़ेगी, अगर किसी के साथ कुछ गलत होता है तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी। विनेश हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक हैं।
बृजभूषण पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का लगाया था आरोप
बता दें कि करीब 3 साल पहले विनेश ने बृजभूषण पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसे लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ धरना भी दिया था। बृजभूषण भाजपा के पूर्व सांसद हैं। वर्तमान में उनका एक बेटा यूपी से सांसद और एक विधायक है।
ये भी पढ़ें : Punjab Blasts: अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों की एनआईए ने शुरू की जांच
